मॉर्निंग वॉक पर निकलीं बांका के BJP जिलाध्यक्ष की मां से चेन छीनी; बौंसी में बाइक सवार बदमाशों ने किया दुस्साहस
Banka Crime News: बांका के बौंसी शहर में भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश मिश्रा की मां दुर्गा मिश्रा से मॉर्निंग वॉक के ...और पढ़ें
HighLights
भाजपा जिलाध्यक्ष की मां से मॉर्निंग वॉक के दौरान चेन छीनी गई।
बौंसी शहर में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, बांका। Banka Crime News: जिले के बौंसी शहर में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर स्थानीय पुलिसिंग और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। मंगलवार की अहले सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलीं भाजपा के बांका जिलाध्यक्ष ब्रजेश मिश्रा उर्फ विक्की मिश्रा की मां और पार्टी की पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गा मिश्रा से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि दुर्गा मिश्रा मंगलवार की सुबह रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकली थीं।
इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार दो उचक्के उनके समीप पहुंचे और पलक झपकते ही उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन झपट ली। जब तक वह संभल पातीं या शोर मचातीं, बदमाश हवा में बात करते हुए ओझल हो चुके थे।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर उठे गंभीर सवाल
सत्तारूढ़ दल के जिलाध्यक्ष की मां और स्वयं पार्टी की वरिष्ठ नेत्री के साथ सुबह-सुबह मुख्य इलाके में हुई इस वारदात ने शहरवासियों को स्तब्ध कर दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब सुबह के समय सार्वजनिक सड़कों पर महिलाएं तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाशों की पहचान में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही बौंसी थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने की दिशा और उनकी बाइक के नंबर का सुराग मिल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जल्द ही छिनतई गिरोह की पहचान कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वैसे आए दिन राहगीरों और महिलाओं के साथ छिनतई की घटनाएं सामने आने के बावजूद पुलिस की सुस्ती अपराधियों के हौसले बुलंद कर रही है।
