Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मां-बाप के बुढ़ापे का सहारा छिना, मासूम बच्चों की चीख से कांपा धर्मराय गांव, कफन ओढ़कर लौटे गुंजन व सिट्टू!

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 01:24 PM (IST)

    बांका जिले के बलिया संथाली टोला में गुंजन सिंह और सिट्टू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे धर्मराय गांव में शोक छा गया। इस दोहरे हत्याकांड ने द ...और पढ़ें

    बांका में सनसनी: दोहरे हत्याकांड से धर्मराय गांव में पसरा मातमी सन्नाटा, नहीं जले घरों में चूल्हे

    बांका में सनसनी: दोहरे हत्याकांड से धर्मराय गांव में पसरा मातमी सन्नाटा, नहीं जले घरों में चूल्हे

    संवाद सहयोगी, अमरपुर (बांका)। बांका जिले के रतनपुर मकद्दुमा पंचायत अंतर्गत बलिया संथाली टोला में रविवार को हुई दोहरी हत्या ने धर्मराय गांव की खुशियां पलभर में छीन लीं। जैसे ही गुंजन सिंह (30) और सिट्टू सिंह (32) की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना उनके पैतृक गांव धर्मराय पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि सुबह घर से हंसते-खेलते निकले दोनों युवक अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। शोक की इस लहर के बीच रविवार को गांव के किसी भी घर में चूल्हा तक नहीं जला।

    परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

    इस वारदात ने दो हंसते-खेलते परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया है। मृतक गुंजन सिंह के वृद्ध पिता अर्जुन सिंह, मां कुसुमलता देवी और पत्नी सपना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पति को खोने के गम में सपना देवी बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। वहीं, सिट्टू सिंह की पत्नी संजू देवी भी इस भयानक खबर को सुनकर बेसुध पड़ी हैं। स्वजन और गांव की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधाने में जुटी हैं, लेकिन गांव की हर आंख नम है।

    गुंजन सिंह अपने पीछे दो पुत्रियां नैंसी कुमारी (12), देवांशी कुमारी (8) और एक 10 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार सिंह को छोड़ गया है। वहीं, सिट्टू सिंह की चार वर्षीय पुत्री वैष्णवी कुमारी और महज एक वर्षीय मासूम पुत्र देव कुमार के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

    खेती-किसानी के लिए मुंबई से लौटा था सिट्टू

    ग्रामीणों ने बताया कि सिट्टू सिंह मुंबई की एक निजी कंपनी में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। धान की खेती का सीजन होने के कारण वह करीब 15 दिन पहले ही गांव लौटा था। दूसरी ओर, गुंजन सिंह गांव में ही रहकर खेती-बारी संभालता था। रविवार सुबह करीब 10 बजे वह बाइक लेकर घर से निकला था। दोपहर में पिता अर्जुन सिंह की उससे मोबाइल पर बातचीत भी हुई थी, लेकिन किसे पता था कि इसके कुछ ही देर बाद दोनों की बेरहमी से हत्या की खबर आ जाएगी।

    खबरें और भी

    कुख्यात अपराधी से संबंध और अवैध शराब के अड्डे की चर्चा

    ग्रामीणों के अनुसार, गुंजन सिंह का पड़ोसी गांव अठमाहा निवासी कुख्यात अपराधी सचिन सिंह से करीबी संबंध था। चर्चा है कि तीन दिन पहले भी सचिन सिंह ने धर्मराय महादलित टोला में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की थी। ग्रामीणों के बीच यह भी सुगबुगाहट है कि रविवार को हुई इस वारदात में सचिन सिंह भी घायल हुआ है और वह मौके से भाग निकला है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

    यह वारदात दोनों युवकों के घर से करीब 15 किलोमीटर दूर बलिया संथाली टोला के समीप हुई। घटनास्थल के पास स्थित एक झोपड़ीनुमा घर में अवैध रूप से ताड़ी और महुआ शराब की बिक्री होने की बात भी सामने आ रही है।

    सभी बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस

    मामले को लेकर अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना में घायल हुए व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि अपराधियों को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।

    यह भी पढ़ें- बांका में डबल मर्डर : घात लगाए स्कार्पियो सवार अपराधियों ने तीन युवकों पर बरसाईं गोलियां, दो की मौत, एक घायल फरार