किसने और क्यों लगाया बांका इंजीनियरिंग कॉलेज में हिडन कैमरा? लड़कियों के निजी वीडियो वायरल, देर रात खूब हुआ बवाल
बांका इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में हिडन कैमरा और निजी वीडियो वायरल होने की खबर से हड़कंप मच गया, जिसके बाद छात्रों ने देर रात तक जमकर हंगामा ...और पढ़ें

बांका के लकड़ीकोला स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में हिडन कैमरा मिलने और वीडियो वायरल होने की चर्चा से हड़कंप
HighLights
गर्ल्स हॉस्टल में हिडन कैमरा, निजी वीडियो वायरल की सूचना।
छात्रों ने देर रात तक कॉलेज परिसर में जोरदार हंगामा किया।
कॉलेज ने जांच समिति बनाई, दो छात्र-छात्रा निष्कासित।
संवाद सूत्र, बांका। लकड़ीकोला स्थित गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज (Banka Engineering College) के गर्ल्स हॉस्टल में कथित रूप से हिडन कैमरा लगाए जाने और छात्राओं के निजी वीडियो प्रसारित होने की सूचना के बाद गुरुवार को पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया। घटना के बाद छात्राओं और छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और देर रात 12 बजे तक कॉलेज परिसर में जोरदार हंगामा होता रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देर रात ही एसडीओ राजकुमार, अंचलाधिकारी (सीओ) प्रत्यक्ष झा और टाउन थानाध्यक्ष सुधीर कुमार भारी पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे और आंदोलित विद्यार्थियों से बातचीत कर जांच का आश्वासन दिया।
9 सदस्यीय जांच समिति गठित, दो छात्र-छात्रा हॉस्टल से निष्कासित
गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में हिडन कैमरा लगाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे शेयर करने की चर्चा के बाद कॉलेज प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अब तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्राचार्य डॉ. सबीरउद्दीन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 9 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। इसके साथ ही प्राथमिक संलिप्तता के आधार पर एक छात्र और एक छात्रा को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। जांच पूरी होने तक दोनों को शैक्षणिक गतिविधियों से भी निलंबित कर दिया गया है।
मेस के खाने में मिला कीड़ा, छात्रों ने लगाया लीपापोती का आरोप
कैंपस में तनाव उस समय और बढ़ गया जब गुरुवार को ही हॉस्टल के मेस में बने खाने में कीड़ा निकल आया। छात्रों ने आरोप लगाया कि भोजन में पहले भी छिपकली और कीड़े निकल चुके हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद प्रबंधन सुरक्षा और स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है।
खबरें और भी
छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन हर बड़े मामले को दबाने और लीपापोती करने की कोशिश करता है। पूर्व में भी परिसर में हुई अनुचित घटनाओं पर लीपापोती की गई थी।
निष्पक्ष पुलिस जांच और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग
देर रात तक कैंपस में मौजूद अधिकारियों ने छात्रों को आश्वस्त किया कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। एसडीओ राजकुमार ने कहा कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। वहीं, छात्र-छात्राएं कॉलेज प्रबंधन से इतर स्वतंत्र पुलिस जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।