Banka News: नामांकन में आपराधिक मामला छिपाने का आरोप, मुखिया रुनिया देवी की कुर्सी पर संकट
बांका के चांदन प्रखंड की सुइया बोडा पंचायत की मुखिया रुनिया देवी की सदस्यता पर संकट है। उन पर नामांकन के दौरान आपराधिक मामला छिपाने का आरोप है। शिकायत ...और पढ़ें

नामांकन में आपराधिक मामला छिपाने का आरोप, मुखिया रुनिया देवी की कुर्सी पर संकट (AI Generated Image)
संवाद सहयोगी, चांदन (बांका)। प्रखंड के सुइया बोडा पंचायत की मुखिया रुनिया देवी की कुर्सी पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उन पर नामांकन के दौरान आपराधिक मामला छिपाने का आरोप लगा है, जिससे उनकी सदस्यता जाने की आशंका जताई जा रही है।
मामले में पंचायत के ही चंदन कुमार ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करते समय मुखिया ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमे की जानकारी छिपा ली और गलत शपथपत्र देकर चुनाव जीत लिया।
इस शिकायत के बाद प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक जांच रिपोर्ट भेजी गई, जिसमें खुलासा हुआ कि मुखिया के खिलाफ सुइया थाना कांड संख्या 196/2006 दर्ज है।
इस मामले में उनके साथ उनके पति और तत्कालीन पंचायत सेवक अमरेंद्र मिश्रा पर भी केस दर्ज है, जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित है। इस मामले में सभी आरोपित जमानत पर हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि नामांकन के दौरान इस केस की जानकारी छिपाई गई। वहीं, जब इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया तो मुखिया ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए हलफनामा दाखिल किया।
इस पूरे मामले में निर्वाचन आयोग पटना के समक्ष सुनवाई पूरी हो चुकी है और सोमवार को अंतिम निर्णय सुनाया जाएगा। पंचायत क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा तेज है।
शिकायतकर्ता चंदन कुमार ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उन्होंने सभी साक्ष्य आयोग के समक्ष प्रस्तुत कर दिए हैं।