विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांका नगर परिषद ने अवैध मांस-मछली दुकानों पर कसा शिकंजा, दुकानदारों को मिली नोटिस

Published: Sun, 22 Feb 2026 03:41 PM (IST)

बांका नगर परिषद ने दैनिक जागरण की खबर के बाद अवैध मांस-मछली दुकानों पर कार्रवाई शुरू की है। एक दर्जन ...और पढ़ें

खुलेआम मांस-मछली की बिक्री पर एक्शन शुरू। (AI Generated Image)

खुलेआम मांस-मछली की बिक्री पर एक्शन शुरू। (AI Generated Image)

HighLights

  1. बांका नगर परिषद ने अवैध मांस-मछली दुकानों को नोटिस जारी किए।

  2. डिप्टी सीएम के पत्र के बाद कार्रवाई, रविवार से माइकिंग शुरू।

  3. फुल्लीडुमर, खेसर में खुले में मांस बिक्री, स्वच्छता पर सवाल।

संवाद सूत्र, बांका। शहर में खुलेआम मांस-मछली की बिक्री को लेकर दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर के बाद नगर परिषद बांका ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

शनिवार को नगर परिषद की ओर से एक दर्जन से अधिक दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। इन पर आरोप है कि बिना अनुमति एवं निर्धारित स्थान के बाहर अवैध रूप से दुकान संचालित की जा रही है। ज्ञात हो कि बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिंहा ने इस पर रोक को लेकर नगर परिषद को पत्र दिया है।

इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुमित्रानंदन ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को तत्काल प्रभाव से दुकान हटाने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि रविवार से शहर में माइकिंग कर आम लोगों और दुकानदारों को अवैध अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जाएगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर दुकान नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर बुलडोजर चलाने की भी कार्रवाई की जाएगी।

फुल्लीडुमर व खेसर में खुले में बकरे के मांस की बिक्री, जिम्मेदार मौन

वहीं दूसरी ओर फुल्लीडुमर एवं खेसर के डलवा मोड़ पर खुलेआम बकरे के मांस की बिक्री की जा रही है। खेसर के डलवा मोड़ पर प्रतिदिन सुबह 10 से 11 बजे के बीच 40 से 80 किलो तक मांस बिकता है।

खासकर एक जनवरी को सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार उस दिन आठ से दस क्विंटल तक मांस की बिक्री होती है।

चिंताजनक बात यह है कि बकरों को खुले में ही काटा जाता है। आज तक वध के लिए कोई सुरक्षित एवं बंद स्थान की व्यवस्था नहीं की जा सकी है।

फुल्लीडुमर बाजार में भी मुख्य सड़क किनारे खुले में मांस की बिक्री हो रही है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य मानकों पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में मौन साधे हुए हैं।