बंगाल से चला शराब का खेल, बांका में खुला राज, डाक पार्सल वाहन से 298 कार्टन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
Banka Police Seize Liquor Parcel Vehicle Arrested: बांका के पंजवारा में पुलिस ने एक डाक पार्सल वाहन से 2574 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की है।

Banka Police Seize Liquor Parcel Vehicle Arrested: बांका के पंजवारा थाने में जप्त डाक पार्सल वाहन, बरामद शराब के कार्टन और गिरफ्तार आरोपी विमलेश व दुर्गेश ।
HighLights
पंजवारा पुलिस ने डाक पार्सल वाहन से भारी शराब पकड़ी।
2574 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार।
व्हाट्सएप कॉल और फर्जी सिम से चल रहा था नेटवर्क।
संवाद सूत्र, पंजवारा (बांका)। Banka Police Seize Liquor Parcel Vehicle Arrested: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को चकमा देने के लिए शराब तस्कर नए-नए और अजीबो-गरीब हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने सोमवार की देर शाम झारखंड के गोड्डा की ओर से आ रही एक संदिग्ध डाक पार्सल (Mail Parcel) की बंद डाला गाड़ी को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पार्सल गाड़ी के भीतर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही वाहन के चालक और उपचालक दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा जब डाक पार्सल वाहन के पिछले हिस्से को खोला गया तो उसके अंदर 298 कार्टन में भरे कुल 14,304 सीलबंद टेट्रा पैक बरामद किए गए।
बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने झारखंड बॉर्डर से आ रही डाक पार्सल वाहन से 2574 लीटर (298 कार्टन) शराब की जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना के मसौढ़ी निवासी विमलेश कुमार (चालक) और गया के कोंच निवासी दुर्गेश कुमार (उपचालक) के रूप में हुई
पश्चिम बंगाल के आसनसोल से भागलपुर शराब पहुंचाने की थी योजना; व्हाट्सएप कॉल और फर्जी सिम कार्ड से नेटवर्क संचालित
बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा और थानाध्यक्ष चंदन कुमार की त्वरित कार्रवाई; प्राथमिकी दर्ज कर दोनों तस्करों को भेजा गया जेल
मापन करने पर बरामद शराब की कुल मात्रा 2574 लीटर पाई गई। गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के रेवान गांव निवासी विमलेश कुमार उर्फ नीरज (32) के रूप में हुई है, जबकि उपचालक की पहचान गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के गराड़ी मठिया गांव निवासी दुर्गेश कुमार उर्फ रवि (20) के रूप में की गई है।
व्हाट्सएप कॉल पर हुई थी डील, दुल्हिन बाजार से जुड़ा फर्जी सिम का तार
पुलिस अभिरक्षा में हुई पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। तस्करों ने बताया कि उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क किया था और पश्चिम बंगाल के आसनसोल से यह शराब लदी डाक पार्सल गाड़ी लेकर भागलपुर पहुंचने का निर्देश दिया था।
पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि जिस मोबाइल नंबर से तस्करों को निर्देश दिए जा रहे थे, उसका सिम कार्ड पटना जिले के दुल्हिन बाजार क्षेत्र के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है, लेकिन उसका इस्तेमाल कोई अन्य गिरोह कर रहा था। पुलिस अब इस फर्जी सिम और शराब के असली नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
मुख्य सरगना तक पहुंचेगी पुलिस, प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपी भेजे गए जेल
मामले की जानकारी देते हुए बौंसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि शराब तस्करों के इस अंतरप्रांतीय गिरोह के मुख्य सरगना और सूत्रधार का पता लगाने के लिए पुलिस सभी वैज्ञानिक व तकनीकी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार के स्वबयान पर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
