बांका में 54 किमी लंबे कांवड़िया पथ पर बनेंगे 21 अस्थायी थाने, सुरक्षा के साथ 24 घंटे मिलेगी मेडिकल सुविधा
बांका जिला प्रशासन ने श्रावणी मेले के लिए 54 किमी कांवरिया पथ पर 21 अस्थायी थाने और मेडिकल कैंप स्थापित किए हैं। यहां कांवरियों की सुरक्षा और स्वास्थ् ...और पढ़ें

कांवड़िया पथ पर बनेंगे 21 अस्थायी थाने ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )
HighLights
54 किमी कांवरिया पथ पर 21 अस्थायी थाने।
सभी थानों पर 24 घंटे मेडिकल कैंप सुविधा।
कांवरियों की सुरक्षा हेतु पांच कंपनी पुलिस बल।
बिजेन्द्र कुमार राजबंधु, बांका। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन इस बार कांवड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
जिले के 54 किलोमीटर लंबे कांवड़िया पथ पर 21 अस्थायी थाना स्थापित किए जाएंगे। सभी अस्थायी थानों पर मेडिकल कैंप भी संचालित होंगे। जहां 24 घंटे कांवरियों को सेहत के साथ सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी।
चौबीसों घंटे पुलिस बल की मौजूदगी
एसपी अमितेश कुमार ने कांवरिया पथ का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है। सभी अस्थायी थानों में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी। शिफ्टवार ड्यूटी के कारण चौबीसों घंटे पुलिस बल की मौजूदगी रहेगी।
श्रावणी मेला 30 जुलाई से प्रारंभ है। इस दौरान अजगैबीनाथ धाम (सुल्तानगंज) से देवघर तक की 105 किलोमीटर की यात्रा में 54 किलोमीटर कांवरिया पथ बांका जिला से होकर गुजरता है। यह मार्ग कटोरिया, बेलहर और चांदन प्रखंड के अंतर्गत आता है।
इस पूरे मार्ग पर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। पिछले साल तीस लाख से अधिक कांवरियों ने बाबा नगरी तक की पैदल यात्रा की थी।
पांच कंपनी पुलिस बल की तैनाती
प्रशासन ने बेलहर के धौरी से लेकर बिहार-झारखंड के दुम्मा बॉर्डर तक सुरक्षा के लिए पांच कंपनी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा अतिरिक्त डीएसपी, पुलिस निरीक्षक, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी की तैनाती दंडाधिकारियों के साथ की जाएगी।
इस बार थाने में पुलिस अफसरों का रहेगा आवासन
मेडिकल कैंपों में प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी रहेगी।
डीएम अंशुल अग्रवाल और एसपी अमितेश कुमार ने सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों से संबंधित आवश्यक आदेश जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रावणी मेले के दौरान देशभर से आने वाले कांवरियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा का अनुभव मिले तथा पूरी यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
खबरें और भी
इन स्थानों पर कार्यरत रहेगा अस्थायी थाना
धौरी धर्मशाला, जिलेबिया मोड़, सरकारी धर्मशाला, सूईया घटिया, अबरखा, कटोरिया थाना, जिला नियंत्रण कक्ष कटोरिया, भैरोपुर कोल्हुआ, इनारावरण, भूल भूलैया, गोड़ियारी, दुम्मा बार्डर, रजौन नियंत्रण कक्ष, डुमरिया रेल रोड ब्रिज कटोरिया, हथगढ़ विद्यालय सहित अन्य शामिल है।
श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 54 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर 21 अस्थायी थाना स्थापित किए जा रहे हैं, जहां 24 घंटे पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। सभी पड़ावों पर मेडिकल कैंप भी संचालित होंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। पूरे कांवरिया पथ पर लगातार गश्त और निगरानी रखी जाएगी। - अमितेश कुमार, एसपी, बांका
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेले पर बनाएं बेहतरीन वीडियो और रील्स, बिहार सरकार देगी ₹3 लाख तक का इनाम