विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में फर्जी प्रमाण पत्र पर 20 साल से नौकरी कर रहा शिक्षक गिरफ्तार, निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई

Published: Mon, 13 Apr 2026 02:40 PM (IST)

कटोरिया के सुईया थाना क्षेत्र में निगरानी विभाग ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। भागीरथ कुमार साह नामक यह ...और पढ़ें

बिहार में फर्जी प्रमाण पत्र पर 20 साल से नौकरी कर रहा शिक्षक गिरफ्तार

बिहार में फर्जी प्रमाण पत्र पर 20 साल से नौकरी कर रहा शिक्षक गिरफ्तार

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, कटोरिया (बांका)। सुईया थाना क्षेत्र में निगरानी विभाग की टीम ने फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर लंबे समय से नौकरी कर रहे एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान दक्षिणी कसवावसिला पंचायत के प्राथमिक विद्यालय डूमरडीहा में कार्यरत भागीरथ कुमार साह के रूप में हुई है।

शिक्षक पिछले करीब 20 वर्षों से फर्जी प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहा था। इस मामले में पटना उच्च न्यायालय के निर्देश पर निगरानी विभाग के पुलिस निरीक्षक लाल मोहम्मद के नेतृत्व में शनिवार को छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

बताया जाता है कि उच्च न्यायालय द्वारा पूर्व में फर्जी शिक्षकों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का अवसर दिया गया था, लेकिन कई शिक्षकों ने इसका पालन नहीं किया। इसके बाद निगरानी विभाग द्वारा प्रमाण पत्रों की जांच में मामला फर्जी पाया गया।

कटोरिया प्रखंड से भी पहले कई फर्जी शिक्षक गिरफ्तार हो चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया झा ने आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत के लिए बांका कोर्ट भेज दिया। आरोपी बेलहर प्रखंड के रंगा का निवासी बताया जा रहा है।

ज्ञात हो कि पिछले एक दशक में बांका जिले में एक दर्जन से अधिक फर्जी शिक्षक पकड़े जा चुके हैं। सूत्रों के अनुसार कटोरिया प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में अब भी कई ऐसे शिक्षक कार्यरत हैं, जो फर्जी शैक्षणिक, जाति, आवासीय एवं ओबीसी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे हैं। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।