Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    BPSC शिक्षकों की 'सर्विस बुक' खोलने का आदेश जारी, बांका के 6 हजार शिक्षकों को राहत

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 01:10 AM (IST)

    बांका जिले में बीपीएससी द्वारा नियुक्त 6 हजार शिक्षकों के लिए खुशखबरी है। शिक्षा विभाग ने उनकी सेवा पुस्तिका खोलने का आदेश जारी कर दिया है, जिससे अब श ...और पढ़ें

    बिहार के टीचर। फाइल फोटो

    बिहार के टीचर। फाइल फोटो

    HighLights

    1. बांका में 6 हजार बीपीएससी शिक्षकों को राहत मिली।

    2. शिक्षा विभाग ने सेवा पुस्तिका खोलने का आदेश दिया।

    3. प्रधानाध्यापक खोलेंगे शिक्षकों की सेवा पुस्तिका।

    जागरण संवाददाता, बांका। BPSC से बहाल जिला के 6 हजार शिक्षकों के लिए खुशखबरी है। शिक्षा विभाग उनकी सेवा पुस्तिका खोलने का आदेश जारी कर दिया है। इसके लिए डीईओ देवनारायण पंडित के स्तर से सोमवार को पत्र जारी कर दिया गया है। बीपीएससी से जिला में नवंबर 2023 से ही शिक्षकों की तैनाती का काम शुरु हो गया था।

    तब टीआरई वन से बड़ी संख्या में शिक्षक बहाल होकर प्राइमरी से इंटर तक के शिक्षक गांव-गांव पहुंचे थे। इसके तीन महीने बाद टीआरई-2 और पिछले टीआरई-3 से करीब छह हजार शिक्षक बहाल होकर विद्यालयों में सेवा दे रहे हैं। मगर ढाई साल की सेवा पूरी करने के बाद भी शिक्षकों की सेवा पुस्तिका के संधारण का काम शुरु नहीं हो सका था।

    इससे शिक्षक परेशान थे। इसके साथ ही शिक्षा विभाग को भी शिक्षकों की सारी जानकारी समय पर नहीं मिल पाती थी। अब इस आदेश के बाद सेवा पुस्तिका खुलने का काम शुरु हो जाएगा। हर शिक्षक की सेवा पुस्तिका प्रधानाध्यापक खोलेंगे।

    प्राइमरी और मीडिल स्कूल के शिक्षकों की सेवा पुस्तिका बीईओ के स्तर से आगे बढ़कर डीपीओ स्थापना तक आएगी, जबकि हाईस्कूल में 9-10 और 11-12 के शिक्षकों की सेवा पुस्तिका भी प्रधानाध्यापक के माध्यम से खुलकर डीपीओ माध्यमिक शिक्षा से होकर डीपीओ स्थापना तक पहुंचेगी।

    खबरें और भी

    शिक्षा विभाग ग्रीष्मावकाश में ही इसका अधिकांश काम कर लेने की तैयारी में है। मालूम हो कि जिला में नियोजित से विशिष्ट बने शिक्षकों की सेवा पुस्तिका पूर्व से ही संधारित है।

    इस आधार पर ही उनकी सेवा, उनकी सेवा पुस्तिका में दर्ज होते जा रही है। लेकिन 2023 से बीपीएससी के माध्यम से बहाल होकर आ रहे शिक्षकों की पुस्तिका नहीं रहने से शिक्षक के साथ विभाग को भी परेशानी हो रही थी।

    क्या होता है सेवा पुस्तिका

    सेवा पुस्तिका, सर्विस बुक के नाम से जाना जाता है। यह हर सरकारी कर्मियों के पूरे सेवाकाल का अधिकारिक और कानूनी दस्तावेज होता है। इसमें सरकारी कर्मी की पूरी सेवा का डिटेल होता है।

    सेवा शुरु होने के साथ ही इसे संबंधित विभाग खुलवाता है। इसके बाद सेवा आगे बढ़ते जाने के साथ ही इसमें उसकी सारी जानकारी अद्यतन होती जाती है।

    इसमें शिक्षकों के खिलाफ हुई कार्रवाई, कोई भी अवकाश, निंदन के साथ वेतन बढ़ोतरी आदि की सारी जानकारी होती है। इसके पहले पन्ने पर शिक्षक यानी कर्मी का सारा डिटेल, फोटो के साथ लिखा होता है। वह विभागीय अधिकारी द्वारा सत्यापित होता है।

    प्राइमरी और मीडिल स्कूलों की सेवा पुस्तिका बीईओ के माध्यम से उनके पास आएगी। जबकि हाईस्कूलों की सेवा पुस्तिका माध्यमिक शिक्षा के माध्यम से उनतक पहुंचेगी। इसके लिए निर्धारित फार्मेट जारी कर दिया गया है। सभी प्रधानाध्यापक इसे अविलंब तैयार कर संबंधित कार्यालय में जमा करेंगे।-संजय कुमार यादव, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना