मुंगेर-बांका सीमा पर लुटेरों का तांडव, पूर्व क्रिकेटर को गोली मार 15 हजार और मोबाइल लूटा, भागलपुर में भर्ती
मुंगेर के चंदपुरा गांव में पूर्व क्रिकेटर को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया और 15 हजार रुपये व ...और पढ़ें
-1792390304922_m.webp)
देर रात सड़क लुटेरों ने बेलहर के पूर्व क्रिकेटर को मारी गोली
HighLights
मुंगेर में पूर्व क्रिकेटर को गोली मारकर लूटा गया।
बदमाशों ने 15 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीना।
घायल क्रिकेटर का भागलपुर अस्पताल में इलाज जारी।
संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदपुरा गांव स्थित शिव मंदिर के पास रविवार देर रात सड़क लुटेरों ने तांडव मचाते हुए बेलहर के एक पूर्व क्रिकेटर को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
हथियारबंद बदमाशों ने तीन राउंड अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें से एक गोली उनके पैर में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे पीड़ित का मोबाइल फोन और जेब में रखे करीब 15 हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल की पहचान बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत सौंताडीह गांव निवासी स्व. दिलीप प्रसाद सिंह के 40 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने मौजमपुर से किया पीछा
अस्पताल में भर्ती घायल ने फोन पर आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे सुल्तानगंज स्थित अजगैवीनाथ धाम के एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। रविवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वे अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी क्रम में तारापुर से आगे मौजमपुर के समीप से ही तीन बाइक पर सवार छह बेकाबू बदमाश लगातार उनका पीछा करने लगे।
जैसे ही वे चंदपुरा शिव मंदिर के पास पहुँचे, बदमाशों ने अचानक उनकी बाइक को घेरकर रोक लिया। तीन बदमाश अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर आगे आए, जबकि अन्य तीन साथी अपनी बाइक स्टार्ट कर भागने की फिराक में खड़े रहे।
बैग छीनने का विरोध करने पर दागीं तीन गोलियां
बदमाशों ने आते ही पहले उनकी जेब टटोली और फिर जबरन बैग छीनने लगे। जब उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया, तो लुटेरों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उनके पैर में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली सीने के बेहद करीब से गुजर गई और तीसरी गोली बदमाशों ने हवा में चलाई। इसके बाद वे नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
गोली लगने से लहूलुहान पीड़ित काफी देर तक सड़क पर मदद के लिए गुहार लगाते रहे। बाद में सूचना पाकर पहुँची संग्रामपुर थाना पुलिस ने उन्हें तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज हेतु मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
उल्लेखनीय है कि पीड़ित पूर्व में एक कुशल क्रिकेटर रह चुके हैं और वर्तमान में बेलहर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अंपायर की भूमिका निभाते हैं। पुलिस मामले की गहन तहकीकात और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।