Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब राह चलते होंगे बाबा बैद्यनाथ के लाइव दर्शन, बांका में कांवड़िया पथ पर 6 जगहों पर लगेगी LED स्क्रीन

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 09:48 AM (GMT+05:30)

    बांका प्रशासन श्रावणी मेला में कांवरियों के लिए नई सुविधा ला रहा है। कांवरिया पथ पर 6 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर का सीधा प्रसा ...और पढ़ें

    कांवड़िया पथ पर 6 जगहों पर लगेगी LED स्क्रीन ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

    कांवड़िया पथ पर 6 जगहों पर लगेगी LED स्क्रीन ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

    HighLights

    1. कांवरिया पथ पर 6 प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन।

    2. देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।

    3. कांवरियों को यात्रा के दौरान ही बाबा के दर्शन।

    जागरण संवाददाता, बांका। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान इस बार बांका जिला प्रशासन कांवड़ियों को एक नई धार्मिक सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है। 30 जुलाई से शुरू होने वाले मेले में कांवरिया पथ पर छह प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। 

    इसके माध्यम से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर की पूजा-अर्चना और मंदिर परिसर का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इससे कांवड़ियों को यात्रा के दौरान ही बाबा के दर्शन का लाभ मिलेगा और उनकी आस्था को विशेष अनुभव मिलेगा।

    इन जगहों पर लईडी स्क्रीन की व्यवस्था

    डीएम अंशुल अग्रवाल ने बताया कि एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था अबरखा, धौरी और गोड़ियारी नदी स्थित टेंट सिटी, जिला नियंत्रण कक्ष, सरकारी धर्मशाला तथा पर्यटन धर्मशाला में की जाएगी। इन स्थानों पर ठहरने वाले श्रद्धालु बाबा मंदिर में होने वाली आरती, पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक गतिविधियों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

    बाबा मंदिर की पूजा-अर्चना का लाइव दर्शन

    डीएम ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और उनकी धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए पहली बार यह व्यवस्था की जा रही है। यात्रा के दौरान ही श्रद्धालु बाबा मंदिर की पूजा-अर्चना का लाइव दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए देवघर जिला प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है। 

    इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने के साथ कुछ चैनलों से भी संपर्क किया गया है, ताकि उद्घाटन के दिन से ही यह व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू हो सके। इसके संचालन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में भी एक मास्टर लगाया जाएगा, जहां से पूरे लाइव प्रसारण की निगरानी और संचालन किया जाएगा। 

    खबरें और भी

    तीनों टेंट सिटी का निर्माण अंतिम चरण में 

    इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए चांदन, कटोरिया और बेलहर के बीडीओ को निर्देश दिए जा चुके हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत को लेकर कटोरिया नगर पंचायत को आकर्षक तोरण द्वार बनाने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि कांवरियों का भव्य स्वागत किया जा सके।

    ज्ञात हो कि इस बार अबरखा, धौरी और गोड़ियारी नदी के पास बनाई जा रही तीनों टेंट सिटी का निर्माण अंतिम चरण में है। इन टेंट सिटी में लगभग 1050 कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। बांका जिला में सबसे अधिक 54 किलोमीटर लंबा कांवरिया पथ है। इसको लेकर बेहतर सुविधा का इंतजाम किया जा रहा है।

    पहली बार इस लाइव दर्शन की सुविधा से धर्मशालाओं और टेंट सिटी में ठहरे श्रद्धालुओं के बीच धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय बनेगा। कांवरियों को बाबा मंदिर की हर प्रमुख गतिविधि की जानकारी भी मिलती रहेगी। - अंशुल अग्रवाल, डीएम, बांका