बांका: सुनसान जगह पर मिल रहे थे नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका, ग्रामीणों ने पकड़कर कराई शादी
बांका के मालडीह में एक नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों ने सुनसान जगह पर मिलने के दौरान पकड़ लिया। बाद में परिजनों की सहमति से शिव मंदिर में उनकी ...और पढ़ें

ग्रामीणों ने पकड़कर कराई शादी ( प्रतीकात्मक तस्वीर )
HighLights
नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों ने सुनसान जगह पर पकड़ा।
परिजनों की सहमति से शिव मंदिर में कराई गई शादी।
पुलिस ने बाल विवाह को कानूनन अपराध बताया।
संवाद सूत्र, मालडीह (शंभुगंज)। सरकार द्वारा बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
ताजा मामला प्रखंड के एक गांव का है, जहां प्रेमालाप करते पकड़े गए एक नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका की ग्रामीणों ने स्वजनों की सहमति से शिव मंदिर में शादी करा दी। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
शादी में मिले थे दोनों
जानकारी के अनुसार दोनों की मुलाकात कुछ समय पहले एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया और वे चोरी-छिपे मिलने लगे।
मंगलवार की शाम दोनों गांव से दूर एक सुनसान स्थान पर मिले थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया और दोनों को पकड़कर गांव ले आए। इसके बाद पंचायत की बैठक बुलाकर दोनों पक्षों के स्वजनों को सूचना दी गई।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवारों ने सहमति जताई, जिसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में समीप स्थित शिव मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।
कानून का पालन करने की अपील
थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मीना कुमारी ने कहा कि बाल विवाह नाबालिगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने लोगों से ऐसी कुप्रथा से दूर रहने और कानून का पालन करने की अपील की।