कांवड़ यात्रा 2026: बांका में 54 KM लंबे कांवड़िया पथ पर 300 सफाईकर्मी संभालेंगे कमान, 24 घंटे होगी सफाई
बांका में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के लिए 54 किलोमीटर लंबे कांवड़िया पथ पर विशेष सफाई व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चि ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रा 2026 ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )
HighLights
54 किलोमीटर लंबे कांवड़िया पथ पर विशेष सफाई व्यवस्था।
300 अतिरिक्त सफाईकर्मी तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे।
कचरा उठाव और स्वच्छ वातावरण प्रशासन की प्राथमिकता।
जागरण संवाददाता, बांका। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान 54 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवड़िया पथ पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने 300 अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की है। सभी सफाईकर्मी तीन शिफ्टों में लगातार काम करेंगे, ताकि पूरे मेले के दौरान कांवरिया पथ पर कहीं भी गंदगी जमा नहीं होने पाए।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले में लाखों कांवड़ियों के आने की संभावना को देखते हुए धौरी से लेकर बिहार-झारखंड सीमा स्थित दुम्मा तक सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
इस 54 किलोमीटर लंबे मार्ग से सटी तीन दर्जन से अधिक पंचायतों के सफाईकर्मियों के साथ अतिरिक्त कर्मियों को भी लगाया गया है। सभी सफाईकर्मियों को एक समान पीले रंग की यूनिफार्म दी जाएगी, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जा सके।
कचरे का होगा नियमित उठाव
प्रशासन ने जगह-जगह डस्टबिन लगाने के साथ कचरा उठाव के लिए कई ट्रैक्टरों की भी व्यवस्था की है। दुकानों, शिविरों और श्रद्धालुओं द्वारा उत्पन्न कचरे का नियमित उठाव किया जाएगा।
कटोरिया नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लगभग आठ किलोमीटर कांवड़िया पथ पर भी विशेष सफाई अभियान चलेगा। बेलहर, चांदन और कटोरिया प्रखंडों से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों कांवड़ियों का आवागमन होता है। ऐसे में स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों को भी इस अभियान से जोड़ा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रावणी मेला में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। 300 सफाईकर्मियों की तैनाती तीन शिफ्टों में की गई है, जिससे पूरे समय कांवरिया पथ साफ-सुथरा रहे। सभी कर्मियों को एक जैसी यूनिफॉर्म दी जा रही है ताकि उनकी पहचान आसान हो। कचरा उठाव के लिए पर्याप्त ट्रैक्टर, डस्टबिन और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026: बांका का 54 KM लंबा कांवड़िया पथ होगा शिवमय, त्रिशूल-शिवलिंग की आकृतियों से सजा मार्ग