बिहार के इस जिले में KYC अपडेट नहीं कराने पर हजारों बैंक खातों पर लगी रोक, अकाउंट से नहीं निकलेगा कैश
यूको बैंक धोरैया शाखा में केवाईसी अपडेट न होने के कारण लगभग छह हजार खाते निष्क्रिय हो गए हैं, जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी हो रही है। बैंक ने आवश्यक ...और पढ़ें

केवाईसी अपडेट नहीं कराने पर हजारों बैंक खातों पर लगी रोक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, धोरैया (बांका)। यूको बैंक धोरैया शाखा के करीब पांच से छह हजार बैंक खाते केवाईसी के अभाव में निष्क्रिय हो जाने से ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, करीब पचास हजार खातों के बंद होने की अफवाह से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। बैंक और उसके सीएसपी केंद्रों पर खाताधारकों की भारी भीड़ जुट रही है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के खातों में निर्धारित सीमा से अधिक राशि आने और केवाईसी अपडेट नहीं होने के कारण निकासी पर रोक लगा दी गई है। बैंक द्वारा निकासी से पहले केवाईसी अनिवार्य किए जाने से ग्राहक परेशान हैं।
सीएसपी केंद्रों पर लगी भीड़ में शामिल कुरमा गांव की हलीमा खातून, रसीदा खातून, धोरैया की रेखा देवी एवं बसतपुर की हनसन खातून ने बताया कि बैंक पहुंचने पर खाता बंद होने की जानकारी दी जाती है और बिना केवाईसी निकासी से मना कर दिया जाता है। आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद प्रक्रिया धीमी है।
यूको बैंक के सीएसपी में केवाईसी जमा किए पंद्रह दिन हो गए, लेकिन अब तक खाता चालू नहीं हुआ। बार-बार बैंक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। - गुलाम रसूल, रबीडीह
बैंक द्वारा मांगे गए सभी कागजात देने के बावजूद खाता चालू नहीं किया गया है। दो दिनों से पैसे की निकासी नहीं होने से काफी परेशानी हो रही है। - पैगाम, रणगांव बुजुर्ग
वहीं, रबीडीह की बीबी अमरुन खातून ने कहा कि बैंक की मनमानी से ग्राहकों को दिक्कत हो रही है। खाता बंद रहने से जरूरत के समय पैसे नहीं निकाल पा रहे हैं, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के खाताधारकों द्वारा केवाईसी अपडेट नहीं करने और लिमिट से अधिक राशि आने के कारण खातों पर अस्थायी रोक लगाई गई है। आवश्यक दस्तावेज (पैन, आधार, फोटो व पासबुक की छायाप्रति) जमा करने के बाद खातों को शीघ्र चालू कर दिया जाएगा। - विकास कुमार,शाखा प्रबंधक, यूको बैंक, धोरैया