29 जुलाई से शिवमय होगा हरिगिरि धाम: श्रद्धालुओं के लिए वाटरप्रूफ पंडाल और सुविधाओं के किए गए पुख्ता इंतजाम
बाबा हरिगिरि धाम में 29 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध् ...और पढ़ें

29 जुलाई से शुरू होगा बाबा हरिगिरि धाम का श्रावणी मेला
HighLights
29 जुलाई से शुरू होगा बाबा हरिगिरि धाम श्रावणी मेला।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा हेतु व्यापक इंतजाम किए जा रहे।
पंडाल, प्रकाश, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान।
संंवाद सूत्र, गढ़पुरा (बेगूसराय)। मिथिलांचल एवं बेगूसराय जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा हरिगिरि धाम में 29 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला की तैयारी युद्धस्तर पर शुरू हो गई है। जिला प्रशासन और संवेदक की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
मेला परिसर और आसपास कुल 14 वाटरप्रूफ पंडाल बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए 10 से 12 स्थानों पर फ्लेक्स बैनर लगाए जाएंगे, जबकि मंदिर परिसर से बाहर तक करीब 20 हजार फीट बैरिकेडिंग की जाएगी।
परिसर में सात हजार वर्ग फीट में जूट कारपेट तथा बैरिकेडिंग के भीतर सात सौ वर्ग फीट में कालीन बिछाया जाएगा। गढ़पुरा बस स्टैंड चौक, हनुमान मंदिर और बुढ़िया गाछी के पास तीन तोरणद्वार भी बनाए जाएंगे। मेला क्षेत्र में 40 हाइमास्ट एलईडी लाइट और लगभग 650 ट्यूब लाइट लगाई जाएंगी।
सुरक्षा के लिए धाम के मौजूदा सीसीटीवी के अलावा आठ अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे तथा पूरे सावन माह मेले की लगातार वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके अलावा 11 जनरेटर, 55 सीलिंग फैन, 35 स्टैंड फैन और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की भी व्यवस्था रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीएचईडी द्वारा दो दर्जन सरकारी नल, 40 स्थानों पर अस्थायी शौचालय, तीन स्थानों पर स्नानघर एवं झरने तथा स्टेशन रोड पर दो चापाकल लगाए जाएंगे।
वाहनों की पार्किंग के लिए गढ़पुरा उच्च विद्यालय मैदान, बुढ़िया गाछी और स्टेशन रोड पर अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे।
धाम न्यास समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीओ सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मिलावटी या घटिया खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- मिथिला-अंग की सीमा पर विराजे बाबा हरिगिरि, सप्तकुंड के जल से जलाभिषेक की सालों से चली आ रही परंपरा