रात में बेगूसराय बालिका गृह से पांच नाबालिग गायब, सुबह मचा हड़कंप; SP ने संभाली कमान... खंगाला जा रहा CCTV
बेगूसराय के रतनपुर स्थित बालिका गृह से रविवार रात पांच नाबालिग संवासिन लापता हो गईं, जिससे हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें

पांच बच्चियों के गायब होने से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
HighLights
रतनपुर बालिका गृह से पांच नाबालिग लापता।
एसपी मनीष ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। रतनपुर स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालिका गृह से रविवार की रात पांच नाबालिग संवासिन के एक साथ लापता होने से हड़कंप मच गया। सोमवार की सुबह जब बालिका गृह प्रबंधन को पांचों के गायब होने की जानकारी मिली तो तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष ने खुद बालिका गृह पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और अधिकारियों से पूछताछ की।
पांच बच्चियों के गायब होने से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
एसपी मनीष ने बताया कि सदर डीएसपी आनंद कुमार पांड बालिका गृह में कैंप कर रहे हैं। जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति को भी मामले की जानकारी दी गई है।
डीएसपी के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस बालिका गृह और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पांचों नाबालिग किस रास्ते से बालिका गृह से बाहर निकलीं और इसके बाद वे किस दिशा में गईं।
थाना से लेकर रेलवे स्टेशन तक अलर्ट, बरामदगी के लिए छापेमारी
पांचों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस ने आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। इसके साथ ही जीआरपी और आरपीएफ को भी सूचना देकर रेलवे स्टेशनों और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। हालांकि, समाचार प्रेषण तक लापता बच्चियों के संबंध में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था।
दो मंजिला बालिका गृह में रहती हैं 50 से अधिक संवासिन
बताया जाता है कि रतनपुर स्थित बालिका गृह दो मंजिला भवन में संचालित है। यहां 50 से अधिक संवासिन रहती हैं।
एक साथ पांच नाबालिगों के लापता होने की घटना ने बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ बालिका गृह में मौजूद अन्य संवासिन और कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है।
2019 में भी गार्ड की पिटाई कर भागी थीं पांच नाबालिग
रतनपुर बालिका गृह से नाबालिगों के लापता होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले नौ सितंबर 2019 को भी पांच नाबालिग गार्ड की पिटाई कर बालिका गृह से फरार हो गई थीं।
खबरें और भी
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चार बच्चियों को रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया था। हालांकि, उस समय एक बच्ची का अब तक कोई पता नहीं चल सका था।
2020 में बालिका गृह में किशोरी की मौत से भी उठा था सवाल
चार दिसंबर 2020 को शेखपुरा के बरबीघा निवासी 17 वर्षीय किशोरी ने बालिका गृह में ही आत्महत्या कर ली थी।
बताया गया था कि किशोरी को शेखपुरा पुलिस द्वारा बेगूसराय भेजा गया था। अब एक बार फिर पांच नाबालिगों के एक साथ लापता होने की घटना सामने आने के बाद बालिका गृह की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान लापता पांचों बच्चियों को सुरक्षित बरामद करने पर है।