MLA की ID से पूर्व विधायक का अश्लील फोटो वायरल; बेगूसराय में पोस्ट करने वाले ने कही ये बात
बेगूसराय के मटिहानी में एक फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, जिसमें विधायक बोगो सिंह के नाम से पूर्व विधायक राजकुमार सिंह ...और पढ़ें

विधायक और पूर्व विधायक ने पुलिस से की शिकायत। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बेगूसराय में फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट से राजनीतिक हलचल।
विधायक बोगो सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार सिंह ने शिकायत की।
पोस्ट करने वाले युवक ने अपनी गलती स्वीकार की।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। मटिहानी की राजनीति सोमवार को एक कथित फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अचानक गरमा गई।
विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह के नाम से बने एक फर्जी अकाउंट से पूर्व विधायक राजकुमार सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में दिनभर हलचल बनी रही।
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर पोस्ट तेजी से वायरल हुआ और इसे लेकर समर्थकों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों के बीच बहस छिड़ गई।
थाने में दोनों नेताओं ने की शिकायत
कई नेताओं और बुद्धिजीवियों ने इसे राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की साजिश बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक बोगो सिंह ने रिफाइनरी थाना और साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
वहीं पूर्व विधायक राजकुमार सिंह की ओर से भी साइबर थाना में आवेदन दे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। जदयू नेताओं ने भी इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक मनीष से मुलाकात कर जांच तेज करने की मांग उठाई।
इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया, जब उसी सोशल मीडिया आईडी से एक और पोस्ट साझा कर कथित रूप से अपनी गलती स्वीकार की गई।
पोस्ट करने वाले ने मांगी माफी
पोस्ट में राजा कुमार नामक युवक ने माफी मांगते हुए कहा कि उससे भूल हुई है। युवक की पहचान नयागांव थाना क्षेत्र के बलहपुर सिंहपुर गांव निवासी के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और फर्जी अकाउंट के बढ़ते मामलों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पोस्ट के पीछे केवल शरारत थी या इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश भी जुड़ी हुई है।
रिफाइनरी थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साइबर थाना की टीम भी सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच में जुटी हुई है।