Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेगूसराय में डायल-112 की गाड़ी से कुचलकर किसान की मौत, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

    Updated: Sat, 23 May 2026 03:52 PM (IST)

    बेगूसराय में डायल-112 पुलिस वाहन की टक्कर से एक युवा किसान रामाशीष भगत की मौत हो गई। ...और पढ़ें

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

    HighLights

    1. बेगूसराय में डायल-112 पुलिस वाहन से किसान की मौत।

    2. मृतक रामाशीष भगत सब्जी उत्पादक थे, परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य।

    3. परिजनों ने मुआवजे और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

    जागरण संवाददाता, बेगूसराय। जिले के लाखो थाना क्षेत्र में बीते रात सड़क हादसे में एक युवा किसान की मौत हो गई। घटना गुप्ता-लखमीनिया बांध पर वाजितपुर ढाला के समीप की है।

    मृतक की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के मनियप्पा गांव निवासी रामचंद्र भगत के एकलौते पुत्र 45 वर्षीय रामाशीष भगत के रूप में की गई है। हादसे के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।

    घटना की सूचना मिलते ही सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय एवं ट्रैफिक डीएसपी रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्वजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

    मृतक के भतीजे मुरारी कुमार ने बताया कि रामाशीष भगत सब्जी उत्पादन का काम करते थे। मंगलवार को वह सब्जी लेकर राजधानी मंडी खातोपुर गए थे।

    पुलिस की गाड़ी ने कुचला

    वहां से लौटने के दौरान वाजितपुर ढाला के समीप सामने से आ रही डायल-112 पुलिस की गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। आरोप लगाया कि हादसे के बाद पुलिस वाहन चालक मौके से फरार हो गया। यदि समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो उनकी जान बच सकती थी।

    उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने सड़क पर खून से लथपथ पड़े रामाशीष को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव को लेकर पुनः घटनास्थल पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।

    डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उचित कार्रवाई एवं मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्वजन शांत हुए। बताया जाता है कि मृतक परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।

    उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

    यह भी पढ़ें- सुपौल में शराब तस्करों की कार ने JDU नेता को कुचला, अस्पताल में मौत; 2 आरोपी गिरफ्तार