Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेगूसराय जिले में गहरा रहा पेट्रोल-डीजल पर संकट, कहीं कटौती तो कहीं सप्लाई ठप

    Updated: Wed, 01 Apr 2026 06:12 PM (GMT+05:30)

    बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर, नावकोठी और खोदावंदपुर में पेट्रोल-डीजल का संकट गहरा गया है। कहीं सीमित आपूर्ति हो रही है, तो कहीं तीन दिनों से पंप ...और पढ़ें

    बेगूसराय जिले में गहरा रहा पेट्रोल-डीजल पर संकट, कहीं कटौती तो कहीं सप्लाई ठप

    बेगूसराय जिले में गहरा रहा पेट्रोल-डीजल पर संकट, कहीं कटौती तो कहीं सप्लाई ठप

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण टीम, बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर, नावकोठी एवं खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल को लेकर अलग-अलग तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। कहीं सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है तो कहीं सप्लाई पूरी तरह ठप है। ईरान एवं इजराइल-अमेरिका के बीच युद्ध के असर और आपूर्ति व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

    चेरिया बरियारपुर में पंपों पर आठ लीटर की सीमा तय कर दी गई है और कीमतों में भी अंतर देखा जा रहा है। वहीं, नावकोठी में तीन दिनों से पेट्रोल पंप बंद रहने से लोग बैरंग लौट रहे हैं।

    खोदावंदपुर में कुछ पंपों पर आपूर्ति बाधित रही, हालांकि अन्य पंपों पर स्थिति सामान्य है। कुल मिलाकर ईंधन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

    चेरिया बरियारपुर:

    युद्ध के असर का प्रभाव अब क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भी दिखाई देने लगा है। हालांकि, क्षेत्र के सभी छह पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध हैं, फिर भी उपभोक्ताओं को पूरी मात्रा में ईंधन नहीं मिल पा रहा है। अतिरिक्त पूंजी की कमी के कारण कुछ पंप संचालक छोटे वाहनों को अधिकतम आठ लीटर तक ही पेट्रोल या डीजल दे रहे हैं।

    हालांकि, कुछ पेट्रोल पंपों पर ऐसी कोई पाबंदी लागू नहीं है। इसके अलावा ईंधन की कीमतों में भी असमानता देखी जा रही है। इंडियन आयल और एचपी के पेट्रोल पंपों पर निर्धारित सरकारी दरों पर ही पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा है, जबकि अन्य कंपनियों के पंपों पर कीमत में अंतर दिख रहा है।

    नावकोठी:

    पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डीजल नहीं रहने से तेल भराने आने वाले लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। अन्नपूर्णा फ्यूल सेंटर, नावकोठी में तीन दिनों से तेल की आपूर्ति नहीं हो रही है। पेट्रोल पंप बंद है। लोग गाड़ी लेकर आते हैं लेकिन पेट्रोल पंप कर्मी उन्हें पेट्रोल डीजल नहीं है, कह कर लौटा देते हैं।

    खबरें और भी

    पंप मालिक से पूछने पर बताया कि 28 मार्च को बरौनी रिफाइनरी में तेल लेने के लिए ड्राफ्ट जमा कर दिया गया है, लेकिन अभी तक तेल नहीं मिला है। दो दिनों से तेल के लिए बरौनी जा रहे हैं, आश्वासन दिया जाता है, लेकिन मिल नहीं रहा है।

    29 मार्च तक पहले स्टाक से तेल का वितरण होता रहा। इसके बाद से पेट्रोल पंप पर तेल बंद है। तेल आते ही ग्राहकों को तेल देना शुरू कर देंगे।

    खाेदावंदपुर:

    खोदावंदपुर प्रखंड में दौलतपुर स्थित इंडियन आयल के साईं फ्यूल सेंटर पर पिछले तीन दिनों से पेट्रोल-डीजल की किल्लत बनी हुई थी। जांच में पता चला कि पंप संचालक द्वारा अग्रिम ड्राफ्ट जमा नहीं करने के कारण कंपनी ने आपूर्ति रोक दी थी।

    मार्च क्लोजिंग के चलते बैंकिंग कार्य प्रभावित होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। वहीं सागी स्थित इंडियन आयल के कृषक सेवा केंद्र और भारत पेट्रोलियम पंप पर ईंधन की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रही।

    उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें मांग के अनुसार उचित कीमत पर पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। यहां डीजल की कीमत करीब 91.33 रुपये और पेट्रोल 105.08 रुपये प्रति लीटर दी जा रही थी, जबकि अन्य पंपों पर मामूली अंतर देखा गया।

    एबीसी फ्यूल सेंटर के केयरटेकर अजय कुमार ने बताया कि सभी पंप बी-टाइप के हैं, जहां संचालक को अग्रिम भुगतान करना होता है। कंपनी द्वारा क्रेडिट सुविधा बंद कर दी गई है।