Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेगूसराय सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई, नीतीश और मक्का मदीना गिरफ्तार

    Updated: Sun, 21 Jun 2026 10:32 PM (IST)

    बेगूसराय के चकिया थाना क्षेत्र में 11 जून को हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने फरीदाबाद से एक नामजद और चकिया दियारा से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार ...और पढ़ें

    प्रेस वार्ता में जानकारी देते एसपी मनीष। (जागरण)

    प्रेस वार्ता में जानकारी देते एसपी मनीष। (जागरण)

    HighLights

    1. बेगूसराय सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

    2. एक नामजद आरोपी फरीदाबाद से पकड़ा गया।

    3. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी।

    जागरण संवाददाता, बेगूसराय। चकिया थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते 11 जून की रात विवाहिता के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में बेगूसराय पुलिस ने एक नामजद आरोपित को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अप्राथमिक अभियुक्त को चकिया दियारा से गिरफ्तार किया गया है।

    सामूहिक दुष्कर्म मामले में पांच लोगों की संलिप्तता की पुष्टि हुई है, अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम राज्य व राज्य के बाहर लगातार छापेमारी कर रही है। उक्त जानकारी एसपी मनीष ने रविवार की शाम अपने कार्यालय प्रकोष्ट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी है।

    उन्होंने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सदर डीएसपी टू कुमार दुर्गा शक्ति के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

    टीम ने कांड के प्राथमिक अभियुक्त सिमरिया बिंदटोली निवासी स्व. कारू महतो के पुत्र नीतीश कुमार को जिला आसूचना इकाई व एसटीएफ के सहयोग से उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद जिला के भूपानी थाना क्षेत्र से वहीं सिमरियाघाट बिंदटोली निवासी बिजली महतो के पुत्र अमर निषाद उर्फ अमरजीत उर्फ मक्का मदीना को चकिया दियारा से गिरफ्तार किया गया है।

    पुलिस जांच में पुलिस के हाथ एक वीडियो मिला है, जिसमें आरोपित हथियार के साथ गोलीबारी करते दिखे हैं। इस संबंध में पूछताछ करने पर अमर निषाद ने दबदबा बनाने के लिए हथियार रखने की बात स्वीकार की है।

    उसकी निशानदेही पर उसके घर से हथियार व कारतूस बरामद किया गया वहीं उसकी की निशानदेही पर घटना के बाद भागने में प्रयुक्त बाइक को कांड के फरार अभियुक्त रामू महतो के घर से बरामद किया गया है।

    एसपी ने बताया कि कांड में संलिप्त सभी बदमाशों की पहचान उजागर हो चुकी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी वन सह एएसपी आनंद कुमार पांडे, सदर डीएसपी टू कुमार दुर्गा शक्ति उपस्थित रहे। छापेमारी टीम में जिला आसूचना इकाई, एसटीएफ व बेगूसराय पुलिस की विशेष जांच टीम शामिल रहे।

    खबरें और भी

    रामू महतो की गिरफ्तारी से और होगा खुलासा

    सामूहिक दुष्कर्म का नामजद आरोपित रामू महतो व सूरज महतो समेत एक अन्य अभी फरार है। तीन माह पूर्व पीड़िता के साथ दुष्कर्म के प्रयास व लूटपाट मामले में रामू महतो मुख्य आरोपित रहा है।

    पुलिस इस मामले में आरोप पत्र समर्पित कर चुकी है। रामू की गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हो सकेगा कि तीन माह पूर्व की घटना और बीते 11 जून की रात हुई घटना का कारण क्या रहा है।

    गिरफ्तार दोनों बदमाशों का है आपराधिक इतिहास

    सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार नीतीश कुमार के विरूद्ध 2022 में बरौनी रेल थाना में चोरी से संबंधित मामला अंकित है। वहीं, अमरजीत निषाद के विरूद्ध 2022 में एफसीआई थाना में गोलीबारी का मामला अंकित है। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

    यह भी पढ़ें- बेगूसराय: सामूहिक दुष्कर्म मामले में चकिया SHO सस्पेंड, डीआईजी ने बनाई एसआईटी