यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Begusarai News: बेगूसराय में अचानक क्यों चलने लगा बुलडोजर? खड़ी रह गई पुलिस; देखते रह गए लोग
Begusarai News बेगूसराय के छौड़ाही थाना क्षेत्र में प्रशासन ने नदी किनारे की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए 6 घरों को ध्वस्त कर दिया। ये घर अनुसूचित जाति ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, जागरण, छौड़ाही (बेगूसराय)। Begusarai News: बेगूसराय के छौड़ाही थाना क्षेत्र के बखड्डा गांव में नदी किनारे की भूमि का अतिक्रमण कर बनाए गए छह घरों को प्रशासन ने शुक्रवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। ध्वस्त घर बखड्डा मौजा के अमरजीत दास, संतोष दास, ललन दास, पंकज दास, राम प्रकाश दास एवं रामचंद्र दास का था।
छौड़ाही अंचल प्रशासन न्यायिक आदेश पर उक्त कार्रवाई करने की बात कह रहे थे। वहीं प्रभावित लोग प्रशासन की एक पक्षीय कार्रवाई बताकर उन लोगों का घर तोड़ने एवं प्रभावशाली लोगों का घर छोड़ने की बात कह रहे थे। घर टूटने से महिलाएं काफी दुखी हो रो रही थीं। सभी ध्वस्त घर अनुसूचित जाति परिवार का था। मौके पर महिला पुलिस समेत दंडाधिकारी मौजूद थे।
इस संबंध में छौड़ाही सीओ चंद्रप्रकाश पांडे का कहना था कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर लोगों ने बखड्डा मौजे में घर बना दिया था। इस पर से अतिक्रमण हटाया गया है। झोपड़ी, खपरा, ईंट, टाट वाला घर था, जिसे हटाकर अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है।
दूसरी तरफ घर टूटने से आहत महिलाओं का कहना था कि हमलोग अत्यंत गरीब अनुसूचित जाति परिवार से हैं। रहने की दूसरी जगह नहीं है। सरकार ने ही हमलोगों को इस भूमि पर बसाया था। नल-जल, शौचालय योजना का लाभ भी इसी भूमि पर मिला है। अब एकदम से हमलोग का घर हटा दिया गया। जबकि, इसी तरह अगल-बगल में दर्जनों प्रभावशाली लोगों का घर है, इसे प्रशासन ने छुआ तक भी नहीं। मौके पर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ठाकुर मौजूद थे।