बेगूसराय में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर: गंगा स्नान कर बाइक से लौट रहे मां-बेटे की मौत; गुस्साए लोगों ने जाम की सड़क
बेगूसराय में पानगाछी मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में गंगा स्नान कर लौट रहे मां-बेटे की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ...और पढ़ें

सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बेगूसराय में तेज रफ्तार ट्रैक्टर से मां-बेटे की मौत।
गंगा स्नान कर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी मोड़ के समीप सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के छितरौर गांव निवासी नरेश राय के 25 वर्षीय पुत्र हरिओम कुमार एवं उनकी 50 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मटिहानी-बेगूसराय मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की।
छितरौर घाट पर किया गंगा स्नान
बताया जाता है कि नरेश राय का परिवार वर्तमान में बेगूसराय शहर के हेमरा में रहकर जीवन-यापन करता है। सोमवार को हरिओम अपनी मां के साथ बाइक से चाक छितरौर गंगा घाट स्नान करने गए थे।
स्नान कर दोनों लौट रहे थे। इसी दौरान पानगाछी मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को कुचल दिया।
हादसे में गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल हरिओम कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
लोगों ने कहा-बेलगाम ट्रैक्टर आए दिन लेते हैं जान
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि मटिहानी-बेगूसराय सड़क पर दिन-रात तेज रफ्तार ट्रैक्टरों का परिचालन होता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
कई बार प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।