बिहार को आज मिलेंगे 551 मॉडल स्कूल, बेगूसराय से CM सम्राट चौधरी देंगे सौगात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे जनसभा और जनसंवाद कार्यक्रम को भी संबोधित क ...और पढ़ें

कार्यक्रम स्थल पर हो रही तैयारी। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय में 551 मॉडल स्कूलों का उद्घाटन करेंगे।
गांधी स्टेडियम, बीपी इंटर स्कूल, आईओसीएल बरौनी में कार्यक्रम।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 'नो ड्रोन फ्लाइंग जोन' घोषित।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को एक दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बेगूसराय पहुंचेंगे। इस दौरान वे राज्यभर के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूलों) का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद जनसभा और जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पटना से प्रस्थान कर बेगूसराय के गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर करीब दोपहर 12 बजे पहुंचेंगे।
बीपी इंटर स्कूल में आदर्श विद्यालयों का होगा लोकार्पण
वहां से वे बीपी इंटर स्कूल जाएंगे, जहां 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का भी अवलोकन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री आइओसीएल बरौनी स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां आयोजित मुख्य समारोह में जनसभा और जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
IOCL स्टेडियम में जनसभा व जनसंवाद को करेंगे संबोधित
इस दौरान वे राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी साझा करेंगे।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है।
गांधी स्टेडियम, बीपी इंटर स्कूल, आइओसीएल बरौनी परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्र, साथ ही मुख्यमंत्री के आवागमन के लिए निर्धारित पूरे मार्ग को 'नो ड्रोन फ्लाइंग जोन' घोषित किया है।
इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के ड्रोन, मानवरहित हवाई यान (यूएवी) अथवा रिमोट संचालित उड़ान उपकरण के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेगूसराय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।