फर्जी कागजात, कब्जा और रिश्वत; बेगूसराय में भ्रष्टाचार की पूरी कहानी, पेशकार की गिरफ्तारी ने खोली सिस्टम की पोल
मुंगेर आयुक्त कार्यालय के पेशकार मुकेश कुमार को साहेबपुर कमाल में 1.70 लाख रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया। यह मामला पंचवीर पंचायत की बहुमूल्य सरकारी ...और पढ़ें

इसी जमीन को लेकर चल रहा था विवाद। जागरण
HighLights
1.70 लाख रुपये घूस लेते पेशकार मुकेश कुमार गिरफ्तार।
पंचवीर पंचायत की सरकारी जमीन बचाने का था मामला।
ग्रामीणों ने चंदा कर दी थी रिश्वत की राशि।
संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। मुंगेर आयुक्त कार्यालय में पेशकार मुकेश कुमार की 1.70 लाख रुपये घूस लेते गिरफ्तारी ने तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार की परतें खोल दी हैं।
यह मामला साहेबपुर कमाल अंचल की पंचवीर पंचायत की बहुमूल्य सरकारी जमीन से जुड़ा है, जिसे बचाने के लिए ग्रामीणों को चंदा तक करना पड़ा।
फर्जी कागजात से कब्जा, जमाबंदी तक कराई
जानकारी के अनुसार, पंचवीर बाजार के पश्चिम स्थित करीब तीन कट्ठा चार धूर सरकारी जमीन, जो पहले पशुपालन और सार्वजनिक उपयोग (अर्गला) के लिए प्रयुक्त होती थी, वर्ष 2022 में फर्जी कागजात के आधार पर कब्जा कर ली गई।
आरोप है कि भूमाफियाओं ने अंचल कार्यालय स्तर पर मिलीभगत कर इस जमीन की जमाबंदी भी करा ली। ग्रामीणों ने इसके खिलाफ बिगुल फूंका।
पहले सीओ और फिर डीसीएलआर न्यायालय में लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद मामला मुंगेर आयुक्त न्यायालय पहुंचा, जहां सुनवाई लंबित थी।
बढ़ती कीमत ने बढ़ाया विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, यह जमीन महत्वपूर्ण है। दक्षिण दिशा में अवध-तिरहुत सड़क है, जो पंचवीर बाजार होते हुए मुंगेर राजघाट तक जाती है।
अन्य दिशाओं में आसपास के लोगों की जमीन स्थित है, जिससे इस प्लॉट की कीमत लगातार बढ़ती गई। वर्तमान में इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसी वजह से इस पर कब्जे को लेकर विवाद और गहराता गया।
चंदा कर लड़ाई लड़ने को मजबूर ग्रामीण
मामले में सक्रिय ग्रामीण टुनटुन पासवान के अनुसार, आयुक्त कार्यालय में सुनवाई के दौरान पेशकार मुकेश कुमार ने सरकारी जमीन बचाने के नाम पर पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी।
दबाव में आकर ग्रामीणों ने आपस में चंदा कर तीन लाख रुपये पहले ही दे दिए। इसके बाद भी दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।
शिकायत के बाद रंगेहाथ गिरफ्तारी
भ्रष्टाचार से परेशान होकर पूर्व मुखिया नंदकिशोर प्रसाद ने पटना स्थित निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए टीम ने पेशकार मुकेश कुमार को 1.70 लाख रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।