IIT की रिपोर्ट के बाद सिमरिया 6 लेन पुल पर मरम्मत कार्य शुरू, NHAI ने बताई वजह
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा सिमरिया सिक्स लेन पुल पर IIT बॉम्बे की तकनीकी अनुशंसा पर एक्सपेंशन ज्वाइंट बदला जा रहा है। यह कार्य ...और पढ़ें

पुल पर चल रहा काम। जागरण
HighLights
सिमरिया सिक्स लेन पुल पर एक्सपेंशन ज्वाइंट बदला जा रहा।
IIT बॉम्बे की तकनीकी रिपोर्ट पर कार्य शुरू हुआ।
पुल की सुरक्षा व मजबूती के लिए नियमित अनुरक्षण।
संवाद सूत्र, बीहट (बेगूसराय)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा एनएच-31 के औंटा-सिमरिया सिक्स लेन सड़क पुल पर पिलर संख्या 12 एवं 13 ए के बीच स्थित एक्सपेंशन ज्वाइंट बदला जा रहा है।
यह कार्य भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मुंबई (IIT, Bombay) की तकनीकी निरीक्षण रिपोर्ट एवं अनुशंसाओं के आधार पर शुरू किया गया है।
एनएचएआई ने बताया कि यह नियमित अनुरक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है और इससे पुल की सुरक्षा एवं मजबूती को और बेहतर बनाया जाएगा।
पिलर संख्या 12 एवं 13 ए के बीच हो रहा काम
क्षेत्रीय अधिकारी आर. वेंकटेश्वरलु ने बताया कि आईआईटी की विशेषज्ञ टीम द्वारा पुल का नियमित तकनीकी निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों के आधार पर पिलर संख्या 12 एवं 13 ए के बीच लगे एक्सपेंशन ज्वाइंट को बदलने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि एक्सपेंशन ज्वाइंट किसी भी पुल का महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सा होता है, जो तापमान में होने वाले बदलाव, भारी वाहनों के दबाव तथा संरचना में होने वाली स्वाभाविक गतिविधियों के अनुरूप पुल को आवश्यक लचीलापन प्रदान करता है।
समय-समय पर इसकी जांच और आवश्यकता पड़ने पर प्रतिस्थापन करना आधुनिक पुलों के निवारक अनुरक्षण का अहम हिस्सा है।
वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद नहीं
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मरम्मत कार्य पुल के केवल सीमित हिस्से में किया जा रहा है। कार्य के दौरान भी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद नहीं किया गया है।
यातायात को नियंत्रित एवं सुरक्षित तरीके से संचालित किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। उन्होंने सिक्स लेन पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों से अपील की कि वे मरम्मत कार्य के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।