बेगूसराय में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, ईंट-पत्थर चले; कई पुलिसकर्मी चोटिल
बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

क्षतिग्रस्त वाहन। (जागरण)
HighLights
वारंटी रोहित कुमार की गिरफ्तारी को पहुंची पुलिस।
परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला किया।
हमले में कई पुलिसकर्मी घायल, कुछ लोग हिरासत में।
संवाद सूत्र, चेरिया बरियारपुर (बेगूसराय)। वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर उसके स्वजन और अन्य लोगों ने लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान चोटिल हो गए। हमलावरों ने पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए कई हमलावरों को मौके पर ही काबू में कर लिया। घटना बसही पंचायत के सकरौली गांव की है।
बताया गया कि खोदावंदपुर थाना कांड संख्या 89/19 के फरार वारंटी रोहित कुमार उर्फ बुच्चा, पिता लक्ष्मी महतो की गिरफ्तारी के लिए चेरिया बरियारपुर थाना की पुलिस टीम सकरौली पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार, रोहित पर थाना में दर्ज मामले के तहत लूट की घटना में शामिल होने का आरोप है। लूटे गए मोबाइल की बरामदगी के बाद उसे मामले में नामजद किया गया था। उसके विरुद्ध न्यायालय से कुर्की वारंट भी जारी है।
पुलिस पर किया हमला
पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर स्वजन को न्यायालय से जारी वारंट की जानकारी देते हुए रोहित को आत्मसमर्पण कराने को कहा। इसी दौरान स्वजन और अन्य रिश्तेदार आक्रोशित हो गए और पुलिस पर हमला कर दिया।

हमले के बावजूद पुलिसकर्मियों ने संयम बनाए रखा और हमलावरों को काबू में कर कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। फरार वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
घटना की सूचना पर मंझौल डीएसपी अमरकांत और थाना अध्यक्ष ज्योति कुमार बासु समेत अन्य पदाधिकारी थाना पहुंचे। पुलिस के अनुसार सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी अंकित कर कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।