गोल्ड जीतकर बेगूसराय लौटीं 'गोल्डन गर्ल' रिया, महिला कबड्डी में देश को दिलाया था सोना
कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली बीहट की बेटी रिया कुमारी का बेगूसराय में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

रिया का किया स्वागत। (जागरण)
संवाद सूत्र, बीहट (बेगूसराय)। कामनवेल्थ गेम्स की महिला कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी बीहट की बेटी रिया कुमारी के सम्मान में बेगूसराय जिला कबड्डी संघ सह स्पोर्टिंग क्लब बीहट की ओर से जीरोमाइल स्थित होटल युवराज परिसर में 'गोल्डन गर्ल रिया बेटी वंदन समारोह' आयोजित किया गया।
रिया के आगमन पर सिमरिया गोलंबर से ही स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया। जगह-जगह माला, चादर और पाग पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया।
बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय ने कहा कि रिया ने स्वर्ण पदक जीतकर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि खेल समाज को नशा, ईर्ष्या और द्वेष से दूर रखने का सशक्त माध्यम है।
बनेंगी मुख्य अतिथि
हर्ल बरौनी के परियोजना प्रमुख नितिन सक्सेना ने रिया को भविष्य में हर्ल के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाने की घोषणा की।
बीहट की मुख्य पार्षद बबीता देवी ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने रिया को बेगूसराय खेल जगत का ब्रांड एंबेसडर बताया।
इस अवसर पर रिया के माता-पिता बैजंती देवी और सिकंदर कुमार को भी सम्मानित किया गया। आगत अतिथियों का सम्मान बेगूसराय जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन श्याम नंदन सिंह पन्नालाल एवं सचिव सरोज कुमार के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुंदन कुमार ने किया।