बिहार में छिपा था दिल्ली मर्डर केस का शूटर; मोबाइल सर्विलांस से टिल्लू ताजपुरिया गैंग का बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली के रवि भारद्वाज हत्याकांड का मुख्य शूटर आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को बेगूसराय के फफौत गांव से गिरफ्तार किया गया है। वह कुख्यात टिल्लू ताजपुर ...और पढ़ें

टिल्लू ताजपुरिया गैंग का मेन शूटर गिरफ्तार। प्रतीकात्मक फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, खोदावंदपुर (बेगूसराय)। एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड (आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट, दिल्ली पुलिस) और खोदावंदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी कामयाबी मिली है।
दिल्ली के चर्चित रवि भारद्वाज हत्याकांड के मुख्य शूटर आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को पुलिस ने बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फफौत गांव से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या मामले में चल रहा था फरार
गिरफ्तार आरोपित दिल्ली के नांगल ठाकुरान का रहने वाला 20 वर्षीय युवक है, जो कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य और मुख्य शूटर बताया जाता है।
उस पर 20 मार्च 2026 को बवाना थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। वह 19 मार्च 2026 को बवाना क्षेत्र के हरेवेली गांव में हुए रवि भारद्वाज हत्याकांड में वांछित चल रहा था।
फफौत गांव में एक दोस्त के यहां रहा था
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित फफौत गांव में अपने एक परिचित के यहां छिपा हुआ है।
इसके बाद दिल्ली से आई पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर उसे दबोच लिया। इस सफल कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से गैंग से जुड़े अन्य अपराधों के खुलासे की भी संभावना है।
वाहन लूट मामले का आरोपित गिरफ्तार
वहीं दूसरी ओर बेगूसराय के बछवाड़ा थाना की पुलिस ने शुक्रवार की रात समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाने की पुलिस के सहयोग से चकलों कमान गांव में छापेमारी कर अमरेंद्र चौधरी के 24 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि सुजीत कुमार बछवाड़ा थाना क्षेत्र के एनएच से वाहन लूट के एक मामले में आरोपित है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में बेगूसराय भेज दिया गया।