विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Begusarai News: बेगूसराय में गंगा घाट पर नहाते समय रील का शौक पड़ा महंगा, दो युवक डूबे

Published: Fri, 23 May 2025 05:37 PM (GMT+05:30)

बेगूसराय के नयागांव गंगा घाट पर रील बनाने के चक्कर में दो युवक गंगा नदी में डूब गए। महमदपुर के ...और पढ़ें

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. रील बनाने में गंगा में डूबे दो युवक
  2. एसडीआरएफ और गोताखोरों की खोज जारी
  3. नयागांव गंगा घाट पर हुआ हादसा

संवाद सूत्र, मटिहानी (बेगूसराय)। शुक्रवार की सुबह नयागांव थाना क्षेत्र के नयागांव गंगा घाट में स्नान करने पहुंचे महमदपुर निवासी दो युवक स्नान के क्रम में रील बनाने के चक्कर में गंगा नदी में डूब गए।

स्थानीय लोगों ने उनके दो दोस्तों को सकुशल पानी से निकाल लिया। वहीं, डूबे दोनों युवकों के शव की तलाश में एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोर जुटे हैं। शुक्रवार की शाम तक शव बरामद नहीं किया जा सका है।

डूबे युवकों की पहचान महमदपुर निवासी अवधेश पासवान का पुत्र कुंदन कुमार, नरेश पासवान का पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, गंगा घाट पर स्थानीय पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों की भीड़ जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब 11 बजे कुंदन और सन्नी के साथ महमदपुर निवासी गोहिल पासवान के पुत्र रूपेश कुमार एवं दिलखुश कुमार भी नयागांव गंगा घाट पर पहुंचे थे।

कुंदन कुमार एवं सन्नी कुमार गंगा नदी में उतर गए और स्नान करने लगे, वहीं रूपेश कुमार गंगा घाट पर बैठकर उसका वीडियो शूट करने लगा। रील बनाने के चक्कर में कुंदन कुमार एवं सन्नी कुमार उछल कूद करते हुए गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

दोस्तों को डूबता देख घाट पर बैठे दिलखुश कुमार उसे बचाने के लिए गंगा नदी में कूद गए, लेकिन बचाने के चक्कर में वह भी डूबने लगे। दोस्तों को डूबता देख रूपेश कुमार भी गंगा के पानी में कूद गया।

वह दिलखुश को बचाने में सफल रहा लेकिन कुंदन और सन्नी गंगा के पानी में समा गए। ग्रामीणों ने बताया कि चारों युवक मध्य विद्यालय बलहपुर के प्रांगण में बन रहे खेल के मैदान के ढलाई के कार्य करने के लिए गए थे, वहां कार्य स्थगित हो गया तो यह चारों युवक गंगा स्नान करने के लिए चले गए।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नयागांव थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार एवं अंचलाधिकारी पृथा अखौरी को दिया। इस बाबत अंचलाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोर एवं एसडीआरएफ की टीम को शव को खोजने के लिए लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद नयागांव थानाध्यक्ष दलबल के साथ गंगा घाट पर पहुंचे। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, जिला मंत्री अभय कुमार सिंह, मुखिया अंकित कुमार उर्फ नन्हे सरदार, दीपक राय, गौतम कुमार, विधायक प्रतिनिधि चंदन सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।