बेगूसराय में सुल्तानगंज जा रहे कांवड़ियों को ट्रक ने रौंदा, टेंपो चालक की मौत; कई श्रद्धालु घायल
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में सुल्तानगंज जा रहे कांवरियों से भरे खराब टेंपो को धक्का लगा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। ...और पढ़ें

टेंपो चालक की मौत
HighLights
खराब टेंपो को धक्का लगा रहे कांवरियों को ट्रक ने रौंदा।
हादसे में टेंपो चालक कारी की इलाज के दौरान मौत।
कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल, बेगूसराय अस्पताल रेफर।
संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल(बेगूसराय)। भोलेनाथ को जलाभिषेक करने बरौनी से सुल्तानगंज जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा गुरुवार को साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में बदल गई। बखड्डा ढाला और सनहा ढाला के बीच खराब हुए कांवरियों से लदे सीएनजी टेंपू को सड़क किनारे धक्का लगा रहे श्रद्धालुओं को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में टेंपू चालक बिहट निवासी कारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बरौनी से कांवड़ियों को लेकर एक सीएनजी टेंपू सुल्तानगंज जा रहा था। रास्ते में बखड्डा ढाला और सनहा ढाला के बीच टेंपू में खराबी आ गई। इसके बाद चालक और उस पर सवार श्रद्धालु वाहन को सड़क किनारे करने के लिए धक्का लगा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने टेंपू और धक्का लगा रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और श्रद्धालुओं की चीख-पुकार गूंज उठी।
घायलों को इलाज के लिए भेजा
सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, साहेबपुर कमाल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया। इलाज के दौरान टेंपू चालक बिहट निवासी कारी ने दम तोड़ दिया।
घायलों में वैशाली जिले के हाजीपुर निवासी अनीश साहनी (40), पिता राम पुकार साहनी, राम रतन राय (48), पिता महावीर राय तथा बरौनी निवासी विकास कुमार, पिता स्व. विनोद दास शामिल हैं। अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।