विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाजार में ₹15 के इस बम ने मचाया गदर, तेज आवाज के आगे महंगे डिजिटल और कमांडो बम भी फेल!

Published: Fri, 06 Nov 2026 08:37 PM (IST)

भागलपुर के पटाखा बाजार में तेज आवाज और कम कीमत के कारण 15 रुपये वाला 'बुलेट बम' लोगों की पहली पसंद है। कई पटाखों की कीमतें बढ़ी हैं।

बाजार में ₹15 के बम ने मचाया गदर, तेज आवाज के आगे महंगे डिजिटल और कमांडो बम भी फेल! (AI Generated Image)

बाजार में ₹15 के बम ने मचाया गदर, तेज आवाज के आगे महंगे डिजिटल और कमांडो बम भी फेल! (AI Generated Image)

जागरण संवाददाता, भागलपुर। दीपावली को लेकर पटाखा बाजार सज गया है। पिछले साल के मुकाबले मुर्गा छाप पर नागिन की तड़तड़ाहट भारी है। आलू बम को रॉकेट के इंद्रधनुषी रंगों और तेज विस्फोट ने पछाड़ दिया है। इस बार महंगे डिजिटल बम, बोतल बम और कमांडो बम के बीच महज 15 रुपये में मिलने वाला बुलेट बम लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।

डिजिटल, बोतल और कमांडो बम के धमाके को 15 रुपये का बुलेट बम अपनी तेज आवाज से दबा दे रहा है। कम कीमत और तेज आवाज के कारण इसकी मांग अधिक है।

शुक्रवार से जिला स्कूल मैदान में पटाखों की खुदरा बिक्री शुरू हो गई है। हालांकि, शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी खुलेआम पटाखों की बिक्री हो रही है, जिससे प्रशासनिक आदेशों के अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं।

जिला स्कूल में पटाखा विक्रेता साहिल ने बताया कि बुलेट बम की कीमत 15 रुपये प्रति पीस है। पिछले साल भी इसकी कीमत इतनी ही थी। वहीं, आलू बम 30 रुपये, बोतल बम 30 रुपये और कमांडो बम 35 रुपये प्रति पीस बिक रहा है।

डिजिटल बम का एक पैकेट 300 से 400 रुपये में मिल रहा है। इसमें कीमत के अनुसार अलग-अलग तरह के पटाखे उपलब्ध हैं।

वहीं, विक्रेता राहुल गोस्वामी के अनुसार इस बार कई पटाखों की कीमतों में वृद्धि हुई है। नागिन पटाखा पिछले साल 30 से 35 रुपये में मिलता था, जो अब 40 से 50 रुपये में बिक रहा है। घिरनी की कीमत 15 से 20 रुपये से बढ़कर 20 से 25 रुपये हो गई है।

बीड़ी पटाखे का पैकेट पिछले साल की तरह इस बार भी 100 रुपये में मिल रहा है। डिजिटल बम के पैकेट पर भी करीब 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बोतल बम की कीमत 25 से बढ़कर 30 रुपये हो गई है। यह पहले रोशनी करता है, फिर तेज आवाज के साथ फूटता है।

बच्चों के लिए भी कई आकर्षक पटाखे

बच्चों के लिए बाजार में पॉप-पॉप (Pop-Pop) पटाखा 10 रुपये प्रति पीस मिल रहा है। कुछ दुकानों पर इसकी कीमत 15 रुपये भी ली जा रही है। हेलीकॉप्टर पटाखा 250 से 300 रुपये में उपलब्ध है। इसे जलाने पर यह हेलीकॉप्टर की तरह हवा में ऊपर उठता है।

बटरफ्लाई पटाखे के एक पैकेट में 10 पीस मिलते हैं। इसकी कीमत 250 रुपये है, यानी एक पीस 25 रुपये का पड़ता है। पिछले साल इसका पैकेट 200 रुपये में मिलता था।

इसके अलावा 7 स्टार और 15 शॉट जैसे पटाखे भी बाजार में उपलब्ध हैं। 7 स्टार की कीमत 300 से 400 रुपये और 15 शॉट की कीमत 400 से 500 रुपये तक है।

तंग गलियों में भी पटाखों की बिक्री, हादसे को आमंत्रण

खलीफाबाग चौक से वेरायटी चौक की ओर जाने वाले रास्ते की तंग गलियों में नियम विरुद्ध पटाखे बेचे जा रहे हैं, जहां भारी भीड़ भी लग रही है। जबकि, जिला प्रशासन की तरफ से केवल जिला स्कूल में पटाखे बेचने की इजाजत दी गई है।

वैसे तो हर मोहल्ले और चौक-चौराहे पर लोग फोल्डिंग कॉट लगाकर पटाखों की बिक्री कर रहे हैं, लेकिन वहां अमूमन ग्रीन पटाखे बेचे जा रहे हैं जिनकी दुकानदारी तीन दिनों की ही होती है।

इसके विपरीत, पटाखा कारोबार के कई बड़े दुकानदार तंग गलियों में स्थित अपनी पुरानी दुकानों से भी पटाखे बेच रहे हैं, जहां हादसे का खतरा बना हुआ है।

इनमें कोतवाली, जोगसर और तातारपुर थाना क्षेत्रों में नियम विरुद्ध पटाखों की बिक्री हो रही है। ये गलियां इतनी संकरी हैं कि किसी अनहोनी की स्थिति में यहां दमकल की गाड़ी का पहुंचना भी मुश्किल होगा। इससे आसपास रहने वाले लोगों में हादसे की आशंका को लेकर डर बना हुआ है।

लोगों का कहना है कि घनी आबादी और संकरी गलियों के बीच पटाखों का भंडारण व बिक्री किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। ऐसे में प्रशासन को इस मामले की जांच कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।