Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आत्मनिर्भर भारत की झलक, भागलपुर में एमएसएमई ट्रेड फेयर का आगाज, आकर्षक व सुंदर खादी-हैंडलूम उत्पाद म‍िलेंगे

    Updated: Fri, 30 Jan 2026 12:57 AM (GMT+05:30)

    भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग से डीकेजीएस एमएसएमई ट्रेड फेयर का भव्य शुभारंभ हुआ। विधायक रोहित पांडेय ने इसका ...और पढ़ें

    सैंडिस कंपाउंड मैदान में भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमिता (एमएसएमई) मंत्रालय के सहयोग से डीकेजीएस एमएसएमई ट्रेड फेयर का शुभारंभ हुआ।

    सैंडिस कंपाउंड मैदान में भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमिता (एमएसएमई) मंत्रालय के सहयोग से डीकेजीएस एमएसएमई ट्रेड फेयर का शुभारंभ हुआ।

    HighLights

    1. भागलपुर में डीकेजीएस एमएसएमई ट्रेड फेयर का शुभारंभ।

    2. खादी, हैंडलूम, हस्तशिल्प, मंजूषा कला उत्पादों की प्रदर्शनी।

    3. छोटे उद्यमियों को राष्ट्रीय मंच, आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड मैदान में बुधवार को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमिता (एमएसएमई) मंत्रालय के सहयोग से आयोजित डीकेजीएस एमएसएमई ट्रेड फेयर का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन भागलपुर विधायक रोहित पांडेय ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए उद्यमियों द्वारा खादी, हैंडलूम, हस्तशिल्प, मंजूषा कला सहित विविध उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है। बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचकर उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं। यह मेला आगामी दो फरवरी तक चलेगा।

    आयोजन समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पिछले लगभग 11 वर्षों से उनकी संस्था बुनकरों, कारीगरों और पारंपरिक कलाकारों के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई ट्रेड फेयर जैसे आयोजनों से छोटे उद्यमियों, स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्प कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होती है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।

    उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस ट्रेड फेयर में भाग लेने वाले उद्यमियों को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमिता मंत्रालय की ओर से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। इससे छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि यह मेला ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

    उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमिता क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। एमएसएमई मंत्रालय की योजनाओं और नीतियों के कारण ही आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यह क्षेत्र बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर युवा उद्यमी, बुनकर और कारीगर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। ऐसे ट्रेड फेयर स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ-साथ उन्हें बाजार उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम हैं।

    उद्घाटन समारोह में डुमरामा खादी के अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय साह, मंजूषा कला के गुरु मनोज पंडित, अखिलेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।