विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'यह हमारे खरीक का लाल है': KBC में अमिताभ बच्चन के सामने छाए बबलू पंडित; और यह रहा 50 लाख का ऐतिहासिक सवाल

Updated: Fri, 14 Aug 2026 11:07 PM (IST)

भागलपुर के खरीक निवासी बबलू पंडित ने 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) की हॉट सीट पर पहुंचकर 50 लाख रुपये तक ...और पढ़ें

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में वरिष्ठ सचिवालय सहायक के पद पर नई दिल्ली में तैनात हैं खरीक बाजार के बबलू पंडित

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में वरिष्ठ सचिवालय सहायक के पद पर नई दिल्ली में तैनात हैं खरीक बाजार के बबलू पंडित

HighLights

  1. बबलू पंडित ने KBC की हॉट सीट पर पहुंचकर नाम रोशन किया।

  2. उन्होंने शो में 50 लाख रुपये के सवालों तक का खेल खेला।

  3. उनकी सफलता ने ग्रामीण युवाओं में नई ऊर्जा और विश्वास भरा।

संवाद सूत्र, खरीक (भागलपुर)। गंगा पार दियारा क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर जिले के खरीक बाजार (वार्ड संख्या-09) निवासी बबलू पंडित ने देश के सबसे प्रतिष्ठित और लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के मंच पर पहुंचकर इतिहास रच दिया है। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे खरीक, नवगछिया, भागलपुर और संपूर्ण बिहार का नाम देशभर में रोशन किया है।

सेवानिवृत्त दारोगा कमलेश्वरी पंडित एवं उर्मिला देवी के सुपुत्र करीब 40 वर्षीय बबलू पंडित वर्तमान में भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में वरिष्ठ सचिवालय सहायक (Senior Secretariat Assistant) के पद पर कार्यरत हैं। केंद्रीय सचिवालय सेवा (CSS) के अधिकारी के रूप में उनकी वर्तमान तैनाती नई दिल्ली में है। अपनी लगन, सतत स्वाध्याय और अगाध ज्ञान के दम पर उन्होंने केबीसी के कठिन चयन चक्र को पार करते हुए हॉट सीट तक का गौरवमयी सफर तय किया।

50 लाख के पड़ाव तक पहुंचे

जैसे ही टेलीविजन पर बबलू पंडित के अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठने का प्रसारण हुआ, पूरे खरीक प्रखंड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाइयां दीं और मिठाइयां बांटीं।

टीवी पर देखते ही खुशी से झूमा इलाका

शो के दौरान अपनी संघर्ष यात्रा को साझा करते हुए बबलू पंडित जहां भावुक नजर आए, वहीं दर्शक दीर्घा में बैठीं उनकी धर्मपत्नी प्रीति की आंखों से भी खुशी और गर्व के आंसू छलक पड़े। बबलू पंडित ने बताया कि उन्होंने शो में 50 लाख रुपये के कठिन सवालों तक का शानदार खेल खेला। हालांकि उनका सपना एक करोड़ के जैकपॉट तक पहुंचने का था, लेकिन इस पड़ाव तक पहुंचकर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

Babloo Pandit from Khareek Reaches KBC Hot Seat Wins 50 Lakh (1)

युवाओं के बने प्रेरणास्रोत

बबलू पंडित की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं में नई ऊर्जा और विश्वास भर दिया है। खरीक, नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं ने अब राष्ट्रीय स्त की ज्ञान प्रतियोगिताओं और केबीसी में भाग लेने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

गांव में बढ़ी KBC की तैयारी

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बबलू पंडित ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े महानगर की मोहताज नहीं होती। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी यदि सही दिशा, कड़ी मेहनत और ईमानदारी से प्रयास किया जाए, तो देश के सबसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।

पूरे बिहार को गर्व

ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि खरीक के लाल ने पूरे राज्य का सिर गर्व से ऊंचा किया है। पहली बार क्षेत्र का कोई बेटा अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर पहुंचा है। समाज के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने बबलू पंडित को इस शानदार सफलता पर ढेरों शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।