भागलपुर: स्वतंत्रता दिवस पर अमर बलिदानियों व वीर क्रांतिकारियों को किया याद; गूंजा 'हम करें राष्ट्र आराधन' का स्वर
अखंड आरंभ फाउंडेशन ने भागलपुर के लोदीपुर बसंतपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाया, जिसमें ध्वजारोहण और ...और पढ़ें

भागलपुर के लोदीपुर बसंतपुर स्थित 'अखंड आरंभ फाउंडेशन' ने मनाया स्वतंत्रता दिवस उत्सव।
HighLights
अखंड आरंभ फाउंडेशन ने भागलपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया गया, राष्ट्रभक्ति गूंजी।
23 अगस्त को सैंडिस कंपाउंड में होगा फाउंडेशन लोगो विमोचन।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के लोदीपुर बसंतपुर स्थित 'अखंड आरंभ फाउंडेशन' के कार्यालय में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी गरिमा, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के संपूर्ण सस्वर गायन के साथ हुआ।
इसके उपरांत फाउंडेशन के सचिव सौरभ कुमार ने विधिवत ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान 'जन-गण-मन' हुआ और संस्था के सभी पदाधिकारियों, मुख्य अतिथियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं बच्चों ने तिरंगे को सलामी दी।
राष्ट्रहित में समर्पित है संगठन का उद्देश्य
अखंड आरंभ फाउंडेशन के सचिव सौरभ कुमार ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने फाउंडेशन का ध्येय वाक्य को दुहराते हुए कहा- "सर्वेषां हिताय, सर्वेषां सुखाय।" भारत माता की जय। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आचार्य पंकज अथर्व ने संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि अखंड आरंभ फाउंडेशन के मूल उद्देश्य राष्ट्र, संस्कृति और समाज के सर्वांगीण हित में समर्पित हैं। उन्होंने कहा- "हम करें राष्ट्र आराधन"।
मंच संचालन अखंड आरंभ फाउंडेशन के डायरेक्टर (निदेशक) दिलीप शास्त्री ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष कुमार सानु द्वारा किया गया। राष्ट्रभक्ति के इस पावन पर्व पर सभी अतिथियों, बच्चों और स्थानीय लोगों के बीच पारंपरिक मिष्ठान (जलेबी, बूंदी व सेओ) का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अखंड आरंभ फाउंडेशन के संयुक्त सचिव नीरज कुमार, संयुक्त सचिव सत्यम कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी सक्षम, सदस्य हर्ष शांडिल्य के अलावा मुख्य अतिथि शंकर प्रसाद तिवारी, रणजीत कुमार तिवारी और पीयूष तिवारी सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
23 अगस्त को सैंडिस कंपाउंड में संतों के हाथों होगा 'लोगो' विमोचन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपरांत फाउंडेशन के पदाधिकारियों की एक अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सनातन रक्षा वाहिनी के तत्वावधान में आगामी 23 अगस्त को शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में आयोजित होने वाले 'महाशक्ति सनातन धर्म सम्मेलन' में संस्था की सहभागिता पर विस्तृत रणनीति बनी।
निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के विशाल मंच से अखंड आरंभ फाउंडेशन के आधिकारिक 'लोगो' (Logo) का भव्य विमोचन देश-विदेश से पधार रहे पूज्य संत-महात्माओं के कर-कमलों द्वारा कराया जाएगा। इसके लिए 15 विशेष प्रतीक चिन्ह (लोगो) तैयार कराए जा रहे हैं।
ड्रोन कवरेज और डिजिटल कमान संभालेंगे कार्यकर्ता
फाउंडेशन के कार्यकर्ता महासम्मेलन के आयोजन को भव्य बनाने के लिए पूरी तन्मयता से सहयोग करेंगे। इसके तहत कार्यक्रम के दौरान आधुनिक तकनीक से ड्रोन कवरेज, सोशल मीडिया रील्स, लाइव स्ट्रीमिंग और व्यापक प्रचार-प्रसार की तकनीकी जिम्मेदारी भी फाउंडेशन की युवा टीम संभालेगी।
