Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर : विधायक रोहित पांडेय के दही-चूड़ा कार्यक्रम में सांसद डा. निशिकांत दुबे ने कहा- जनता ने सही प्रतिनिधि को चुना है

    Updated: Sun, 11 Jan 2026 02:04 PM (IST)

    भागलपुर में विधायक रोहित पाण्डेय ने लाजपत पार्क में मकर संक्रांति मिलन सह सम्मान भोज आयोजित किया। इसमें गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे मुख्य अतिथि रहे ...और पढ़ें

    लाजपत पार्क में सांसद डा. निशिकांत दुबे का स्वागत करते विधायक रोहित पांडेय, मिथुन यादव व भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार

    लाजपत पार्क में सांसद डा. निशिकांत दुबे का स्वागत करते विधायक रोहित पांडेय, मिथुन यादव व भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर नगर विधायक रोहित पाण्डेय की ओर से शनिवार को लाजपत पार्क में मकर संक्रांति मिलन सह सम्मान भोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोड्डा के सांसद डा. निशिकांत दुबे शामिल हुए। समारोह में विधायक, सांसद, एमएलसी, एनडीए के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अर्पिता चौधरी द्वारा प्रस्तुत मंगल गीत मंगलमय दिन आज छै… से हुई। इसके बाद कलाकारों ने देशभक्ति सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

    भागलपुर की जनता का हमेशा ऋणि रहूंगा : निशिकात दूबे 


    समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डा. निशिकांत दुबे ने कहा कि मैं स्वयं को भागलपुर का ऋणी मानता हूं। आज यहां उमड़ी भारी भीड़ यह दर्शाती है कि जनता ने सही जनप्रतिनिधि का चयन किया है। रोहित पाण्डेय मृदुभाषी हैं, कम बोलते हैं लेकिन कार्य के प्रति पूर्ण समर्पित रहते हैं। ऐसे जनप्रतिनिधि के लिए हम दिन-रात खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्व. विजय मित्रा के बाद भागलपुर को पहली बार एक कर्मठ और जमीन से जुड़े विधायक मिले हैं।

    केंद्र और राज्य सरकार विकास कर रही है

    डा. दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में केन्द्र व बिहार सरकार मिलकर विकास कार्यों को गति दे रही हैं। भागलपुर में मरीन ड्राइव, लिंक रोड, टेकानी रेलवे हाल्ट का कायाकल्प, खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन, महगामा-गोड्डा फोरलेन, बटेसर स्थान पुल, भीखनपुर अंडरपास तथा विक्रमशिला के विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर सशक्त बनकर उभरा है। भागलपुर में मरीन ड्राइव, गंगा पुल तथा विभिन्न एक्सप्रेसवे और हाईवे के निर्माण से शहर की आधी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में 50 मॉडल रेलवे स्टेशन विकसित करने की घोषणा की गई है, जिसमें भागलपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है। उन्होंने बताया कि स्टेशन के वॉशिंग पिट और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के बाद भागलपुर से देश के कोने-कोने के लिए ट्रेनों का संचालन और अधिक सुदृढ़ होगा। रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में कई समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा।

    MP Dr. Nishikant Dubey attended the Dahi-Chura program organized by Bhagalpur MLA Rohit Pandey2

     

    मकर संक्रांति सामाजिक समरसता का पर्व : रोहित पाण्डेय

    नगर विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि मकर संक्रांति सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का प्रतीक पर्व है। सांसद डा. निशिकांत दुबे ने गोड्डा को राष्ट्रीय मानचित्र पर पहचान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भागलपुर नगर के समग्र विकास के लिए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते रहेंगे और जनता के विश्वास पर कभी आंच नहीं आने देंगे। भागलपुर के विकास के लिए जो भी संघर्ष करना पड़ेगा, मैं उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ करूंगा। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें विधायक चुना है, उस पर खरा उतरना उनका कर्तव्य है। जनसेवा ही मेरी पहली प्राथमिकता है, और मैं यह विश्वास दिलाता हूँ कि मेरे किसी भी कार्य से क्षेत्र की जनता को कभी शर्मिंदा नहीं होना पड़ेगा। जनता का जो आदेश होगा, उसे पूरा करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

    खबरें और भी

     

    MP Dr. Nishikant Dubey attended the Dahi-Chura program organized by Bhagalpur MLA Rohit Pandey

    नाथनगर विधायक, एलएलसी, जिला परिषद अध्यक्ष भी पहुंचे थे

    नाथनगर विधायक मिथुन कुमार ने कहा कि डा. निशिकांत दुबे ने अपने कार्यों और विवेक से जनता के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। इस अवसर पर एमएलसी डा. एनके यादव, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह, लोजपा प्रदेश महासचिव संगीता तिवारी, पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन, पूर्व महापौर डा. वीणा यादव सहित एनडीए के हजारों कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    देशभक्ति गीत सहित कई भजन, फिल्मी गीत भी गाए गए

    लाजपत पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में खूब सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। भजन गायक सुर भिखारी बलवीर सिंह बग्घा, प्रिया राज, सचिन, हीरा मिश्रा, विकास, चंदन आदि ने कई भजन, देशभक्ति गीत और फिल्मी गीत गाए।