विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घूमने निकले थे 3 लाडले, बस में जा घुसी बाइक... उजड़ गए 4 परिवार! भागलपुर बाइपास पर काल बनी रफ्तार और जर्जर सड़क

Published: Mon, 07 Sep 2026 01:29 PM (IST)

Bhagalpur Bypass Road Accident: भागलपुर बाइपास पर एक ही रात में दो अलग-अलग हादसों में चार युवकों की जान चली ...और पढ़ें

Bhagalpur Bypass Road Accident: भागलपुर बाइपास पर भीषण सड़क हादसों में 4 युवकों की मौत, बस की टक्कर से 3 दोस्तों और गड्ढे में गिरने से गोदाम मैनेजर ने गंवाई जान

Bhagalpur Bypass Road Accident: भागलपुर बाइपास पर भीषण सड़क हादसों में 4 युवकों की मौत, बस की टक्कर से 3 दोस्तों और गड्ढे में गिरने से गोदाम मैनेजर ने गंवाई जान

HighLights

  1. तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से तीन दोस्तों की मौत।

  2. गड्ढे और बारिश से बाइक फिसलने के कारण मैनेजर की जान गई।

  3. भागलपुर बाइपास पर एक ही रात में चार होनहार युवकों की मौत।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Bypass Road Accident: भागलपुर बाइपास सड़क शनिवार की रात खूनी साबित हुई। बाइपास थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में चार होनहार युवकों की जान चली गई। कजरैली रोड मोड़ के समीप तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंद दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर, अलीगंज सेंट टेरेसा स्कूल के समीप गड्ढे और बारिश के कारण अनियंत्रित होकर गिरी बाइक पर सवार 23 वर्षीय सीमेंट गोदाम मैनेजर की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक ही रात में चार परिवारों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा है।

पहले हादसे में बाइपास थाना क्षेत्र के कजरैली रोड के पास शनिवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने बाइक सवार तीन दोस्तों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पल्सर एन-160 बाइक सवार तीनों युवक बस के अगले हिस्से के अंदर तक घुस गए। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि बस में सवार यात्री भी उतरकर अपने गंतव्य की ओर निकल गए।

  • भागलपुर बाइपास पर शनिवार देर रात हुए दो अलग-अलग हादसों में 4 युवकों की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम

  • कजरैली रोड के पास तेज रफ्तार बस की चपेट में आई पल्सर एन-160 बाइक; अंशु, सावन और आशुतोष तीनों दोस्तों की गई जान

  • तीनों अपने-अपने घरों के थे सबसे छोटे लाडले; एक ने मौके पर, दो ने अस्पतालों में इलाज के दौरान तोड़ा दम

  • सेंट टेरेसा स्कूल के पास बारिश और जर्जर सड़क से फिसली बाइक; सीमेंट कंपनी के 23 वर्षीय गोदाम मैनेजर रितेश की मौत

हादसे में बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज गंगटी निवासी देवेंद्र यादव के 18 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अशोक पासवान के 17 वर्षीय पुत्र सावन कुमार ने सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरे दोस्त, हबीबपुर दाउदबाट निवासी प्रेम कुमार पासवान के 18 वर्षीय पुत्र आशुतोष कुमार को नाजुक हालत में जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को जिंदगी और मौत से जूझते हुए उसने भी दम तोड़ दिया।

तीनों घरों के सबसे छोटे लाडले थे, पढ़ाई के साथ देख रहे थे सपने

मृतकों के परिजनों ने रोते-बिलखते बताया कि शनिवार देर शाम तीनों दोस्त अंशु की नई बाइक से बाइपास पर घूमने निकले थे और जीरोमाइल की ओर बढ़ रहे थे। तीनों अपने-अपने घरों के सबसे छोटे बेटे थे। आशुतोष मुस्लिम कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष (पार्ट वन) का छात्र था और उसके पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। सावन इंटर का छात्र था और छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था, उसके पिता राजमिस्त्री हैं। वहीं अंशु मीरजान हाईस्कूल से इंटर की पढ़ाई कर रहा था और तीन भाइयों व तीन बहनों में सबसे छोटा था। दो मृतकों के परिजनों का यह भी आरोप है कि यदि अस्पतालों में समय पर बेहतर आपातकालीन ट्रॉमा सुविधाएं मिलतीं, तो शायद दोनों की जान बचाई जा सकती थी।

गड्ढा और तेज बारिश बनी काल, गोदाम मैनेजर रितेश की गई जान

दूसरा हादसा बाइपास थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज सेंट टेरेसा स्कूल के समीप हुआ। इशाकचक शिवपुरी कॉलोनी निवासी रितेश कुमार (23) टेकानी स्थित एक सीमेंट कंपनी के गोदाम में बतौर मैनेजर कार्यरत थे। शनिवार देर रात वह काम खत्म करने के बाद अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।

परिजनों के अनुसार, तेज बारिश के बीच सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण उनकी बाइक अचानक असंतुलित होकर फिसल गई। सड़क पर सिर के बल गिरने से रितेश और उनका सहयोगी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जेएलएनएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात रितेश ने अंतिम सांस ली। रितेश दो भाइयों में बड़े थे और उनके पिता पाइलिंग ठेकेदारी से जुड़े हैं। रविवार को ट्रैफिक और बरारी थाने की पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।