Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में CM सम्राट का खौफ: शातिर कैलाश ने क्राइम से कर ली तौबा, गंगा में कट्टा-कारतूस बहाकर ली शपथ

    Updated: Thu, 21 May 2026 11:41 PM (IST)

    भागलपुर के अजगैवीनाथ धाम में एक शातिर अपराधी कैलाश मंडल ने गंगा किनारे पूजा कर हथियार त्यागने का संकल्प लिया। उसने कट्टा और कारतूस गंगा में फेंक दिए, ...और पढ़ें

    HighLights

    1. शातिर अपराधी कैलाश मंडल ने अपराध छोड़ा।

    2. गंगा किनारे कट्टा-कारतूस नदी में फेंके।

    3. पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ।

    संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। बिहार में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सरकार के सख्त रुख का असर अब गांव-कस्बों तक दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से अपराधियों को लेकर दिए गए सख्त संदेश और लगातार हो रहे पुलिस एक्शन के बीच अपराधियों में खौफ का माहौल है। इसी बीच भागलपुर जिले के अजगैवीनाथ धाम क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

    थाना क्षेत्र के गनगनियां पंचायत अंतर्गत फतेहपुर गांव के एक शातिर अपराधी ने कथित तौर पर अपराध की दुनिया छोड़ने का संकल्प लिया है। उसने गंगा किनारे पूजा-पाठ कर हथियार का त्याग करने की बात कही और कट्टा व कारतूस गंगा नदी में फेंक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

    गंगा किनारे लिया हथियार छोड़ने का संकल्प

    जानकारी के अनुसार, युवक कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया है। पुलिस की लगातार दबिश और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान से वह डरा हुआ बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में युवक खुद को कैलाश मंडल, पिता विंदेश्वरी मंडल का पुत्र बता रहा है।

    वीडियो में देखा जा सकता है कि वह गंगा किनारे पंडित के साथ पूजा-पाठ कर रहा है। इसके बाद उसने दो राउंड फायरिंग की और फिर कट्टा तथा कारतूस गंगा में फेंक दिया। इस दौरान उसने मां गंगा, माता-पिता, गुरुजनों और देवी-देवताओं को साक्षी मानते हुए भविष्य में कभी हथियार नहीं उठाने की शपथ ली।

    खबरें और भी

    Bhagalpur Criminal Renounces Crime Throws Weapon in Ganga (1)

    सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

    युवक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर अपने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, दैनिक जागरण इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

    स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कैलाश मंडल करीब एक दशक पहले अपराध की दुनिया में सक्रिय हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है और उस पर कई बड़ी वारदातों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं।

    पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में डर

    इलाके में चर्चा है कि हाल के दिनों में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे एनकाउंटर और लंगड़ा अभियान के कारण अपराधियों में भय का माहौल बना है। कई अपराधियों के मारे जाने या घायल होने की घटनाओं के बाद कुछ लोग अपराध का रास्ता छोड़ने की बात कर रहे हैं।

    ग्रामीणों का कहना है कि इसी डर और दबाव के कारण कैलाश मंडल ने हथियार छोड़ने का फैसला लिया। वहीं, पुलिस भी इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है।

    पुलिस कर रही मामले की जांच

    इस संबंध में थाना इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर नजर रखे हुए है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।