भागलपुर की बदलेगी तस्वीर: पटना की बैठक में नए स्विमिंग पुल और नाला समेत कई प्रस्तावों पर मुहर
पटना में हुई बैठक में भागलपुर के लिए कई विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें भैरवा तालाब का सौंदर्यीकरण, नया स्विमिंग पूल, अंडरग्राउंड केबल और हथ ...और पढ़ें

राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलीं मेयर। फोटो जागरण
HighLights
भैरवा तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य फिर से शुरू होगा।
सैंडिस कंपाउंड में एक और नया स्विमिंग पूल बनेगा।
शहर में 150 करोड़ से हथिया नाला का निर्माण होगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर के भैरवा तालाब का सुंदरीकरण कार्य दोबारा शुरू होगा। सैंडिस कंपाउंड में एक और स्वीमिंग पूल बनेगा। प्रतिमा विसर्जन मार्ग में अंडरग्राउंड केबल बिछाए जाएंगे। रिवर फ्रंट के रखरखाव के लिए एजेंसी का चयन किया जाएगा। 150 करोड़ रुपये से शहर के सभी हथिया नाला का निर्माण होगा।
पटना में शनिवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार की अध्यक्षता में हुई भागलपुर स्मार्ट सिटी और नगर निगम की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में इसकी मंजूरी मिली। बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
भैरवा तालाब के शेष कार्य के लिए डीपीआर तैयार करने का निर्देश
भैरवा तालाब का अधूरा कार्य करने वाले संवेदक की निविदा रद कर दी गई। शेष कार्य के लिए पुनर्निविदा और डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया। सुंदरीकरण का कार्य वर्ल्ड बैंक के फंड से होगा।
संवेदक की राशि की गई जब्त
मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने बताया कि ई-टायलेट की निविदा रद कर संवेदक की राशि जब्त कर ली गई है। अब ई-टायलेट का संचालन आटोमैटिक नहीं, मैनुअल तरीके से होगा। जब्त राशि से ही टायलेट की व्यवस्था सुधारी जाएगी। सिक्का डालने पर दरवाजा खुलने वाला सिस्टम खत्म होगा।
खबरें और भी
स्वीमिंग पूल में होगी ट्रेनिंग की व्यवस्था
सैंडिस कंपाउंड में बने अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल पर संबंधित बोर्ड लगाने और ट्रेनिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बच्चों और युवाओं के प्रशिक्षण के लिए कम गहराई वाला एक और स्वीमिंग पूल बनाने की स्वीकृति मिली है। यहां दक्ष प्रशिक्षक ट्रेनिंग देंगे।
सफाई और अंडरग्राउंड केबल
नगर निगम द्वारा भेजे गए सफाई एजेंसी चयन के मॉडल प्रारूप को स्वीकृति मिल गई। प्रधान सचिव ने निर्देश दिया कि दो नहीं, एक ही एजेंसी का चयन हो। खराब काम करने पर एजेंसी को हटाकर दूसरे नंबर की एजेंसी को काम दिया जाएगा, दोबारा निविदा नहीं होगी।
मेयर के प्रस्ताव पर विसर्जन मार्ग में अंडरग्राउंड केबल बिछाने की मंजूरी दी गई। प्रधान सचिव ने कहा कि पूरे शहर में अंडरग्राउंड बिजली तार के लिए अधिक फंड लगेगा। वर्ल्ड बैंक के फंड से शहर के सभी हथिया नाला का निर्माण कराया जाएगा।
अन्य योजनाएं
बैठक में मेयर डॉ. बसुंधरा लाल, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा और विधायक रोहित पांडेय शामिल हुए। मेयर ने जलजमाव से मुक्ति के लिए स्टार्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य में तेजी लाने की मांग की।
रिक्शाडीह में अत्याधुनिक बस स्टैंड जल्द शुरू करने की बात रखी। प्रधान सचिव ने सभी योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का आश्वासन दिया। प्रगति की समीक्षा के लिए सात दिन बाद फिर बैठक होगी.
मेयर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात
मेयर डॉ. बसुंधरा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं उर्जा मंत्री बुलो मंडल से मुलाकात की। इस दौरान शहर की विकास योजनाओं पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं के समक्ष स्मार्ट सिटी योजना की गति बढ़ाने समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। जिसके बाद उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्य में धन और संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी। विभागीय स्तर की तकनीकी अड़चनें दूर की जाएंगी।