विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वतंत्रता दिवस पर भागलपुर समाहरणालय में गूंजा राष्ट्रगान; DM अलंकृता पांडेय ने किया झंडोत्तोलन, अफसरों ने ली शपथ

Published: Sat, 15 Aug 2026 11:36 PM (IST)

भागलपुर समाहरणालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर ...और पढ़ें

समाहरणालय परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर डीएम ने की झंडोत्तोलन रस्म; राष्ट्र की एकता व अखंडता का लिया संकल्प

समाहरणालय परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर डीएम ने की झंडोत्तोलन रस्म; राष्ट्र की एकता व अखंडता का लिया संकल्प

HighLights

  1. डीएम अलंकृता पांडेय ने समाहरणालय में किया ध्वजारोहण।

  2. राजा राममोहन राय की प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प।

  3. अधिकारियों ने संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का लिया संकल्प।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर भागलपुर समाहरणालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का गरिमामय माहौल देखने को मिला। इस पावन अवसर पर जिलाधिकारी (डीएम) अलंकृता पांडेय ने समाहरणालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे के प्रति अगाध सम्मान व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों, कर्मियों और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

राजा राममोहन राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण, विचारों को किया याद

झंडोत्तोलन के पश्चात जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने समाहरणालय परिसर स्थित महान समाज सुधारक राजा राममोहन राय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित व माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने राजा राममोहन राय द्वारा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, नारी सशक्तिकरण और आधुनिक शिक्षा के प्रसार में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। डीएम ने कहा कि उनके प्रगतिशील विचार और आदर्श आज भी समाज को शिक्षित, जागरूक और समरस बनाने की दिशा में निरंतर प्रेरणा प्रदान करते हैं।

संविधान के मूल्यों और सामाजिक समरसता का लिया संकल्प

समारोह के दौरान समाहरणालय के तमाम वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने देश की आजादी, संविधान के पावन मूल्यों तथा सामाजिक सौहार्द को अक्षुण्ण बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया।

पूरा समाहरणालय परिसर देशभक्ति के नारों और उल्लास से सराबोर रहा। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता सहित समाहरणालय संवर्ग के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

नगर निगम में महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने फहराया तिरंगा

Bhagalpur NAGAR NIGAM

80वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर भागलपुर नगर निगम परिसर में गरिमामय एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई मित्रों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया।

समारोह के दौरान महापौर ने उप महापौर डॉ. सलाहउद्दीन अहसन और विभिन्न वार्डों के पार्षदों के साथ मंच साझा किया। उन्होंने सभी शहरवासियों, निगम कर्मियों और सफाई कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और शहर को स्वच्छ, सुंदर व विकसित बनाने में उनके सहयोग की सराहना की।

विकास योजनाओं और आगामी प्राथमिकताओं का दिया ब्योरा

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने नगर निगम द्वारा शहर में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और उपलब्धियों का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भागलपुर को आधुनिक और जनसुविधाओं से युक्त शहर बनाना निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

महापौर ने कहा कि सड़क, नाला निर्माण, एलईडी स्ट्रीट लाइट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) और निर्बाध जलापूर्ति को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने आगामी योजनाओं की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटा है।