भागलपुर : घर में नहीं बना मछली-भात तो भड़का शराबी दामाद; पत्नी को पीटने लगा, बचाने आई सास का फोड़ा सिर
भागलपुर के नवगछिया में शराबी दामाद ने मछली-भात न बनने पर पत्नी की पिटाई की। बचाने आई सास के सिर ...और पढ़ें

Naugachia Crime News: नवगछिया में मछली-भात नहीं बनने पर शराबी दामाद का तांडव, पत्नी को पीटा और फोड़ दिया सास का सिर
HighLights
शराबी दामाद ने मछली-भात न बनने पर किया हमला।
पत्नी की पिटाई के बाद सास के सिर पर वार किया।
घायल मां-बेटी को नवगछिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संवाद सहयोगी, नवगछिया (भागलपुर)। परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में रविवार को घरेलू विवाद में शराबी दामाद द्वारा खूनी तांडव मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर में पसंदीदा 'मछली-भात' तैयार नहीं होने से आगबबूला हुए दामाद ने पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और जब बीच-बचाव करने सास पहुंची, तो उसने सास के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सास का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायल मां-बेटी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शंकरपुर गांव निवासी शनिचर कुमार बाजार से मछली खरीदकर घर लाया था और उसने अपनी पत्नी सुषमा देवी को तुरंत मछली पकाने को कहा था। सुषमा का कहना है कि घर में मछली पकाने के लिए आवश्यक मसाला उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते खाना तैयार नहीं हो सका। कुछ देर बाद जब शनिचर शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा और दस्तरख्वान पर मछली-भात नहीं देखा, तो वह आपा खो बैठा और पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगा।
बेटी को बचाने आई मां पर किया हमला, फटा सिर
सुषमा के अनुसार, मामूली विवाद के बाद शनिचर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाहिता की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद उसकी मां रेखा देवी मौके पर पहुंचीं और दामाद को समझाने तथा बेटी को बचाने का प्रयास करने लगीं।
इससे बौखलाए शनिचर ने अपनी सास पर ही हमला बोल दिया और उनके सिर पर वार कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने से रेखा देवी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घर में मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों घायलों को संभाला।
नशे में अक्सर हंगामा करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
घायल रेखा देवी ने आरोप लगाया कि उनका दामाद आदतन शराबी है और आए दिन शराब के नशे में घर पहुंचकर गाली-गलौज, हंगामा व मारपीट करता है। घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय थाने को पूरे मामले की लिखित जानकारी दी है।
