विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विक्रमशिला सेतु बंद होने पर भागलपुर में 4 घाटों से चलेगी विशेष फेरी सेवा, सुबह 6 से शाम 6 बजे तक मुफ्त सफर

Published: Tue, 22 Sep 2026 02:32 PM (IST)

विक्रमशिला सेतु पर यातायात बंद होने की स्थिति में भागलपुर में चार घाटों से फेरी सेवा शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी ...और पढ़ें

विक्रमशिला सेतु पर यातायात बंद हुआ तो चार घाटों से चलेगी फेरी सेवा (जागरण)

विक्रमशिला सेतु पर यातायात बंद हुआ तो चार घाटों से चलेगी फेरी सेवा (जागरण)

HighLights

  1. विक्रमशिला सेतु बंद होने पर चार घाटों से फेरी सेवा।

  2. जिलाधिकारी ने सुरक्षा, सुविधा हेतु घाटों का निरीक्षण किया।

  3. 12 क्रूज चलेंगे, यात्रियों को निशुल्क यात्रा की तैयारी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य के दौरान यातायात बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में चार घाटों से फेरी सेवा शुरू की जाएगी।

इसे लेकर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने सोमवार को बरारी पुल घाट, बियाडा फेरी घाट, सबौर के रजंदीपुर घाट और जाह्नवी चौक घाट का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

घाटों पर नियंत्रण कक्ष, मेडिकल कैंप और बैरिकेडिंग

घाटों पर संभावित भीड़ को देखते हुए नियंत्रण कक्ष, अस्थायी थाना कक्ष, मेडिकल कैंप और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

घाटों और पहुंच पथों पर पर्याप्त रोशनी, साइनेज, साफ-सफाई और महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था होगी। एप्रोच पथों की मरम्मत भी कराई जाएगी। घाट के आसपास अवैध अतिक्रमण हटाने और दुकानों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

क्षमता के अनुसार ही सवार होंगे यात्री

नाव या क्रूज पर उसकी निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को सवार कराया जाएगा। संचालन के लिए आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। टिकट या कूपन वितरण के लिए काउंटर बनाए जाएंगे।

विधि-व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति होगी। क्रूज पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती भी की जाएगी। फेरी सेवा शुरू होने पर प्रतिदिन सुबह छह से शाम छह बजे तक परिचालन होगा।

शाम पांच बजे से वापसी शुरू कर दी जाएगी, ताकि छह बजे तक सेवा पूरी तरह बंद हो सके। किसी नाव के फंसने पर तत्काल सहायता के लिए एसडीआरएफ दल तैनात रहेगा। फेरी सेवा की जानकारी बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

छोटे क्रूज की क्षमता 100 से 200 और बड़े क्रूज की 1000 से 1500 यात्रियों की होगी

जिला प्रशासन 12 क्रूज चलाने की तैयारी कर रहा है। इनमें छह छोटे और छह बड़े क्रूज होंगे। छोटे क्रूज की क्षमता 100 से 200 और बड़े क्रूज की 1000 से 1500 यात्रियों की होगी। बाबूपुर से बड़े क्रूज चलाने की तैयारी है। इन पर मालवाहक गाड़ियां भी लोड की जा सकेंगी।

यात्रियों को निशुल्क यात्रा कराने की तैयारी

यात्रियों को निशुल्क यात्रा कराने की तैयारी है, जबकि साइकिल और मोटरसाइकिल को भी निशुल्क ले जाने पर विचार किया जा रहा है। क्रूज परिचालन वाले घाटों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।

उपविकास आयुक्त सभी संबंधित विभागों से समन्वय कर तैयारियों की दैनिक समीक्षा करेंगे और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।

यह भी पढ़ें- भागलपुर विक्रमशिला सेतु पर फ‍िर लगा भीषण जाम; जीरोमाइल से नवगछिया तक थमे पहिए, गर्मी में स्कूली बच्चों को रुला द‍िया

यह भी पढ़ें- 30 सितंबर की रात से बंद होगा भागलपुर का विक्रमशिला सेतु, 1 अक्टूबर से हटेगा बेली ब्रिज