आज से भागलपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ेगा, खतरे के निशान से होगा पार
भागलपुर में गंगा का जलस्तर मंगलवार सुबह से 33.24 मीटर पर स्थिर है, लेकिन बुधवार से इसके बढ़ने और 34.33 मीटर तक पहुंचने की संभावना है।

भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, निचले इलाकों में बढ़ेगी परेशानी (AI Generated Image)
HighLights
गंगा का जलस्तर बुधवार से बढ़ने की संभावना।
खतरे के निशान से 65 सेंटीमीटर ऊपर जाएगा जलस्तर।
निचले इलाकों में फिर से बाढ़ का खतरा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर में गंगा का जलस्तर मंगलवार की सुबह से 33.24 मीटर पर स्थिर हो गया है। बुधवार की सुबह से बढ़ने का आसार है।
जल संसाधन विभाग अंतर्गत बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता आदित्य प्रकाश के अनुसार, पूर्वानुमान में भागलपुर में गंगा का जलस्तर 34.33 मीटर तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। यानी मौजूदा जलस्तर की तुलना में करीब 1.09 मीटर पानी और बढ़ सकता है।
भागलपुर में गंगा का चेतावनी स्तर 32.68 मीटर और खतरे का निशान 33.68 मीटर है। वर्तमान जलस्तर चेतावनी स्तर से 56 सेंटीमीटर ऊपर, लेकिन खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर नीचे है। यदि पूर्वानुमान के मुताबिक जलस्तर 34.33 मीटर तक पहुंचा तो गंगा खतरे के निशान से 65 सेंटीमीटर ऊपर बहने लगेगी।
एक मीटर से अधिक बढ़ा पानी तो फिर डूबेंगे निचले इलाके
यदि पूर्वानुमान के अनुसार गंगा के जलस्तर में एक मीटर के आसपास वृद्धि होने पर भागलपुर के तटवर्ती और निचले इलाकों में स्थिति फिर गंभीर हो सकती है। 34.33 मीटर का जलस्तर भागलपुर के अब तक के उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) 34.86 मीटर से महज 53 सेंटीमीटर नीचे रहेगा।
पिछले दिनों गंगा के बढ़े जलस्तर से पहले ही शहर से सटे कई इलाकों और सबौर के तटवर्ती गांवों में पानी फैल चुका है। कई जगह रास्ते, खेत और घरों के आसपास पानी जमा है। ऐसे में दोबारा जलस्तर बढ़ा तो लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
जमुना-पश्तोन का पानी भी बढ़ा रहा दबाव
जल संसाधन विभाग के अनुसार गंगा के जलग्रहण क्षेत्र से आने वाले पानी का असर डाउनस्ट्रीम में दिखाई देता है। जमुना और पश्तोन धाराओं समेत आसपास से आने वाला पानी गंगा में मिल रहा है। इससे नदी के प्रवाह और जलस्तर पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।
यही कारण है कि भागलपुर में गंगा के जलस्तर में आगे फिर वृद्धि की आशंका जताई जा रही है। ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में पानी की स्थिति और अलग-अलग धाराओं से गंगा में आने वाले प्रवाह पर विभाग की नजर बनी हुई है।
जलस्तर का पूर्वानुमान इसी बदलती जलधारा और आने वाले पानी के आकलन के आधार पर किया जा रहा है।
भागलपुर में गंगा का जलस्तर पर एक नजर
- चेतावनी स्तर : 32.68 मीटर
- खतरे का निशान : 33.68 मीटर
- मौजूदा जलस्तर : 33.24 मीटर
- खतरे के निशान से दूरी : 44 सेंटीमीटर
- पूर्वानुमानित जलस्तर : 34.33 मीटर
- पूर्वानुमानित स्तर पर खतरे के निशान से ऊंचाई : 65 सेंटीमीटर
- अब तक का उच्चतम बाढ़ स्तर : 34.86 मीटर
