Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर को रेलवे की ₹4600 करोड़ की सौगात; दुमका-रामपुरहाट दोहरीकरण व बायपास लाइन को मंजूरी, बदल जाएगा रेल नेटवर्क

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 12:14 PM (IST)

    भारतीय रेलवे ने भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए ₹4,600 करोड़ की रेल परियोजनाओं की सौगात दी है। इनमें भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट दोहरीकरण, सबौर-गोनूध ...और पढ़ें

    रेल मंत्रालय की भागलपुर को बड़ी सौगात: ₹4600 करोड़ की 3 रेल परियोजनाएं मंजूर; दुमका दोहरीकरण से सुगम होगा सफर

    रेल मंत्रालय की भागलपुर को बड़ी सौगात: ₹4600 करोड़ की 3 रेल परियोजनाएं मंजूर; दुमका दोहरीकरण से सुगम होगा सफर

    HighLights

    1. भागलपुर को ₹4600 करोड़ की रेल परियोजनाओं की सौगात मिली।

    2. भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट रेलखंड का ₹3169 करोड़ से दोहरीकरण।

    3. इंजन रिवर्सल खत्म करने को सबौर-गोनूधाम बाईपास लाइन बनेगी।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। अंग क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने के लिए भारतीय रेलवे ने भागलपुर और आसपास के इलाकों के लिए करीब ₹4,600 करोड़ की रेल परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। संसद में स्थानीय सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा पूछे गए प्रश्न का लिखित जवाब देते हुए रेल मंत्रालय ने क्षेत्र की स्वीकृत रेल विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं का पूरा खाका प्रस्तुत किया है।

    इन परियोजनाओं में ट्रेनों की गति बढ़ाने, परिचालन क्षमता मजबूत करने और इंजन रिवर्सल की समस्या को समाप्त करने पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया गया है।

    ₹3,169 करोड़ से होगा भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट रेलखंड का दोहरीकरण

    रेल मंत्रालय के अनुसार 177 किलोमीटर लंबे भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट सिंगल ट्रैक को डबल ट्रैक में बदलने के लिए ₹3,169 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के लिए भू-अर्जन (भूमि अधिग्रहण) की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

    यह परियोजना बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल को सीधे आपस में जोड़ेगी। वर्तमान में भागलपुर से हावड़ा जाने वाली अधिकांश ट्रेनें मालदा होकर चलती हैं, लेकिन डबलिंग के बाद ट्रेनें दुमका-रामपुरहाट के रास्ते सीधे हावड़ा जा सकेंगी। इससे देवघर, बासुकीनाथ और तारापीठ जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी और प्रतिवर्ष 15 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई संभव हो सकेगी।

    ₹303 करोड़ से बनेगा सबौर-गोनूधाम 13.38 किमी लंबा बायपास

    पूर्व रेलवे के तहत सबौर से गोनूधाम के बीच 13.38 किलोमीटर लंबी बायपास लाइन के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। इस परियोजना पर ₹303.20 करोड़ खर्च होंगे।

    बाराहाट-भागलपुर रेलखंड पर ट्रेनों की क्षमता 125 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जहां भागलपुर में ट्रेनों का इंजन बदलने (Engine Reversal) में काफी समय बर्बाद होता है। गोनूधाम को नया जंक्शन बनाकर सबौर (भागलपुर-साहिबगंज रेलखंड) से जोड़ दिया जाएगा, जिससे इंजन बदलने की जरूरत खत्म होगी और समय की बड़ी बचत होगी।

    खबरें और भी

    भागलपुर-जमालपुर के बीच बनेगी तीसरी लाइन, ₹1,156 करोड़ आवंटित

    ट्रेनों के लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए भागलपुर से जमालपुर के बीच 53 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन के निर्माण के लिए ₹1,156 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इसके लिए भी भू-अर्जन की प्रक्रिया जारी है।

    वर्तमान में इस रूट पर प्रतिदिन 45 से 50 मालगाड़ियों का संचालन होता है। तीसरी लाइन बन जाने से मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग पटरियों पर हो सकेगा, जिससे सुपरफास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार में उल्लेखनीय इजाफा होगा और नई ट्रेनों के परिचालन का रास्ता साफ होगा।