बिहार का जुगाड़ी अस्पताल! अल्ट्रासाउंड मशीन को हाथ के पंखे से किया जा रहा ठंड, गर्मी के बीच सभी AC खराब
भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एसी खराब होने से अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन मशीनें गर्म हो रही हैं। मरीजों की जांच के लिए मशीनों को ...और पढ़ें

अल्ट्रासाउंड की सांकेतिक तस्वीर। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रेडियोलाजी विभाग में लगे एसी खराब पड़े हैं। इस कारण मरीजों की जांच से पहले अल्ट्रासाउंड मशीन को ठंडा करना पड़ रहा है।
कभी टेबल फैन की मदद से मशीन को ठंडा किया जाता है, तो कभी कर्मी हाथ से पंखा झलते नजर आते हैं। मशीन के ठंडा होने के बाद ही दूसरे मरीज की जांच हो पाती है।
दरअसल, रेडियोलाजी विभाग में प्रतिदिन अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए 100 से अधिक महिलाएं पहुंचती हैं। जिस कमरे में मशीन रखी गई है, वहां पांच एसी लगे हैं, लेकिन सभी खराब हैं। परिणामस्वरूप गर्मी बढ़ने पर अल्ट्रासाउंड मशीन ट्रिप कर बंद हो जाती है।
बिजली गुल होने पर हाथ के पंखे से ठंडी की गई मशीन
मंगलवार को आंधी-पानी के कारण विभाग की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी दौरान अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए मरीज पहुंचने लगे। यूपीएस की मदद से किसी तरह मशीन चालू की गई, लेकिन दो-चार मरीजों की जांच के बाद ही वह गर्म होने लगी।
बिजली के पंखे से भी मशीन ठंडी नहीं हो रही थी। ऐसे में एक कर्मी मशीन के सामने बैठकर हाथ के पंखे से उसे ठंडा करता रहा। वहीं, रोजाना मशीनों को ठंडा करने के लिए टेबल फैन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
एक साल से नहीं हुई एसी की सर्विसिंग
जिस कमरे में अल्ट्रासाउंड मशीन लगी है, वहां पांच एसी लगाए गए हैं। इनमें से एक एसी पिछले वर्ष लगाया गया था, जबकि बाकी एसी दो-तीन वर्ष पहले लगाए गए थे। समस्या यह है कि इन एसी की सर्विसिंग एक साल से अधिक समय से नहीं हुई है।
खबरें और भी
इसके कारण एसी कमरे को पर्याप्त ठंडा नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, एसी में क्या खराबी है, इसकी जानकारी भी किसी को नहीं है। यही वजह है कि गर्मी बढ़ने पर अल्ट्रासाउंड मशीन बार-बार बंद हो रही है।
सीटी स्कैन मशीन पर भी संकट
बुधवार को विभाग में लगी सीटी स्कैन मशीन भी कई बार बंद हुई। विभागीय कर्मियों का कहना है कि जांच के दौरान गर्मी के कारण मशीन प्रभावित हो रही है। यदि जल्द ही एसी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो सीटी स्कैन मशीन के भी ठप होने की आशंका है।
गर्मी के कारण अल्ट्रासाउंड मशीन बार-बार बंद हो रही है। ऐसे में मशीन को पंखे की मदद से ठंडा किया जा रहा है। एसी की व्यवस्था को लेकर विभाग को निर्देश दिया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। -डॉ. सचिन कुमार सिंह, एचओडी, रेडियोलाजी विभाग