प्यार का झांसा, नजदीकियां और फिर बेवफाई! शादी की बात आई तो नंबर किया ब्लॉक, भागलपुर में आशिक पर लगा गंभीर आरोप
भागलपुर के नाथनगर में एक युवक पर 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद ...और पढ़ें

Bhagalpur Crime News: शादी का झांसा देकर युवती से बनाए संबंध, मुकरने पर परिवार ने की मारपीट; नाथनगर में 4 पर FIR दर्ज। प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
युवक ने शादी का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाए।
शादी की बात पर युवक ने प्रेमिका का नंबर ब्लॉक किया।
आरोपी प्रेमी और उसके परिवार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
संवाद सूत्र, नाथनगर (भागलपुर)। पहले मीठी-मीठी बातों से दिल जीता, फिर शादी के हसीन ख्वाब दिखाकर करीबियां बढ़ाईं और जब वादे निभाने का वक्त आया तो मुंह मोड़कर नंबर ही ब्लॉक कर दिया। प्यार, फरेब और विश्वासघात का यह सनसनीखेज मामला भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक 19 वर्षीय युवती ने इलाके के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर साथ ले जाने, शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का संगीन आरोप लगाया है। धोखे की शिकार युवती की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में अपनी दास्तान बयां करते हुए बताया कि नवटोलिया, रामचंद्रपुर निवासी नीतीश कुमार से उसकी पहचान पिछले कुछ वर्षों से थी। नीतीश ने पहले दोस्ती का हाथ बढ़ाया और फिर धीरे-धीरे अपने प्रेम-जाल में उलझा लिया।
नाथनगर थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती ने लगाया प्रेम जाल में फंसाकर एक महीने तक शारीरिक शोषण का आरोप
आरोपी नीतीश कुमार ने नजदीकियां बढ़ाने के बाद शादी से किया साफ इनकार, प्रेमिका का नंबर भी किया ब्लैकलिस्ट
रिश्ते की बात लेकर पहुंचे युवती के पिता से आरोपी के भाई ने की मारपीट, कोर्ट मैरिज पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता के बयान पर प्रेमी, सास-ससुर और देवर समेत 4 नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
आरोप है कि करीब एक महीने पहले युवक उसे सुनहरे भविष्य और निकाह/शादी के वादे का झांसा देकर अपने साथ ले गया। इस दौरान उसने युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती भरोसे में रही कि दोनों का रिश्ता मुकाम तक पहुंचेगा।
शादी का दबाव बनते ही बदला रंग, नंबर किया ब्लॉक
दिन बीतने के साथ जब युवती ने रिश्ते को सामाजिक मान्यता देने और शादी रचाने का दबाव बनाना शुरू किया, तो युवक का असली चेहरा सामने आ गया। वह शादी की बात को लगातार टालने लगा और बहाने बनाने लगा। हद तो तब हो गई जब उसने युवती से पल्ला झाड़ते हुए उसका फोन नंबर ही ब्लॉक लिस्ट में डाल दिया। संपर्क के सारे रास्ते बंद देख बदहवास युवती ने आखिरकार अपनी आपबीती माता-पिता को बताई।
पंचायत की जगह मारपीट, कोर्ट मैरिज पर जान से मारने की धमकी
बेटी के साथ हुए छल की खबर सुनकर जब परिजन लोक-लाज और सामाजिक मान-मर्यादा के तहत बातचीत करने युवक के घर पहुंचे, तो वहां हालात और बिगड़ गए। लड़के के परिजनों ने सीधी बात करने के बजाय शादी से साफ इन्कार कर दिया।
जब पीड़िता के पिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कानूनी रूप से कोर्ट मैरिज कराने की बात कही, तो युवक का भाई अमित कुमार आगबबूला हो गया। आरोप है कि अमित ने पीड़िता के पिता के साथ भद्दी गालियां देते हुए सरेआम मारपीट की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोर्ट मैरिज की जिद की तो पूरे परिवार को जान से हाथ धोना पड़ेगा।
चार लोगों पर केस दर्ज, छानबीन में जुटी पुलिस
लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक अपमान से आहत होकर पीड़िता नाथनगर थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मुख्य आरोपी नीतीश कुमार, उसके पिता संजय मंडल, मां विशेखा देवी और भाई अमित कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
मामले पर नाथनगर इंस्पेक्टर परमेश्वर सहनी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवती का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
