Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राधानगर पहुंचे भागलपुर MLA रोहित, CM सम्राट से की बात; बकरीद के दिन मंदिर के पास आपत्तिजनक सामान को लेकर हुआ था विवाद

    Updated: Sat, 30 May 2026 11:57 AM (GMT+05:30)

    भागलपुर के शाहकुंड प्रखंड के राधानगर गांव में बकरीद के दिन मंदिर के पास आपत्तिजनक सामग्री को लेकर दो समुदायों में विवाद हो गया। भाजपा विधायक रोहित पां ...और पढ़ें

    भागलपुर: राधानगर गांव पहुंचे विधायक रोहित पांडेय, दो समुदायों के विवाद पर ग्रामीणों से की बात

    भागलपुर: राधानगर गांव पहुंचे विधायक रोहित पांडेय, दो समुदायों के विवाद पर ग्रामीणों से की बात

    HighLights

    1. बकरीद पर मंदिर के पास आपत्तिजनक सामग्री को लेकर विवाद।

    2. विधायक रोहित पांडेय ने ग्रामीणों, पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

    3. पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप, मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए।

    संवाद सूत्र, शाहकुंड (भागलपुर)। भागलपुर ज‍िले के शाहकुंड प्रखंड के सजौर थाना अंतर्गत राधानगर गांव में दो समुदायों के बीच उपजे विवाद को लेकर शुक्रवार देर शाम भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली।

    ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

    ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बकरीद के दिन मंदिर के सामने कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री लेकर खुलेआम गुजरने की घटना से गांव का माहौल प्रभावित हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इस दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया, जो अत्यंत गंभीर मामला है। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

    Bhagalpur MLA Rohit Pandey Visits Radhanagar After Bakrid Dispute (6)

    महिलाओं ने पुलिस पर लगाए आरोप

    मुलाकात के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई को लेकर भी गंभीर शिकायतें कीं। महिलाओं का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बल प्रयोग किया गया।

    ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पुलिस ने कई निर्दोष लोगों को भी परेशान किया, जबकि घटना में शामिल वास्तविक दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

    खबरें और भी

     

    Bhagalpur MLA Rohit Pandey Visits Radhanagar After Bakrid Dispute (1)

    विधायक ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

    विधायक रोहित पांडेय ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि मामले में जो भी लोग शामिल हैं, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

    उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए और महिलाओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की भी गंभीरता से जांच हो।

    Bhagalpur MLA Rohit Pandey Visits Radhanagar After Bakrid Dispute (4)

    मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचा मामला

    इस संबंध में ग्रामीणों की शिकायतों और घटना की जानकारी मुख्यमंत्री स्तर तक भी पहुंचाई गई है। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

    शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

    विधायक ने प्रशासन से गांव में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में सामाजिक एकता को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए और सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

    घटनाक्रम में एक नजर

    भागलपुर के शाहकुंड प्रखंड के सजौर थाना क्षेत्र के राधानगर गांव में बीते गुरुवार देर रात बकरीद पर्व को लेकर उस समय विवाद उत्पन्न हो गया जब एक पक्ष के लोग कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री पिकअप वाहन पर लादकर ले जा रहे थे। इस दौरान दक्षिण टोला के ग्रामीणों ने वाहन को रोक दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

     

    Bhagalpur MLA Rohit Pandey Visits Radhanagar After Bakrid Dispute (8)

    ग्रामीणों ने लगाया गंभीर आरोप

    दक्षिण टोला के ग्रामीणों का कहना है कि पिकअप वाहन पर रखे गए आपत्तिजनक सामान से रास्ते में खून बहकर गिर रहा था। इसी को लेकर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और वाहन को आगे बढ़ने से रोक दिया।

    पुलिस ने संभाला मोर्चा

    सूचना मिलने पर सजौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण आपत्तिजनक सामान को रास्ते से हटाने की मांग पर अड़े रहे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाद में जिला प्रशासन, विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार सहित पांच थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

    पुलिस बल ने समझाने-बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और आपत्तिजनक माने जा रहे अवशेषों को मौके से हटवाया गया। इसके बाद पूरे क्षेत्र में सफाई कराई गई और हालात सामान्य किए गए।

    वाहन जब्त, हिरासत में लिए गए लोग

    पुलिस ने संबंधित पिकअप वाहन को जब्त कर सजौर थाना में रखवा दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक गतिविधियों की निगरानी के दौरान दोनों समुदायों से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

    शांति समिति की बैठक, शांति बनाए रखने की अपील

    शुक्रवार को सजौर थाना परिसर में विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ डॉ. हर्षा कोमल, थाना अध्यक्ष राजेश रंजन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों ने दोनों समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी गई कि अफवाह फैलाने या सोशल मीडिया पर भ्रामक/आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बैठक में दोनों पक्षों की ओर से अपेक्षाकृत कम संख्या में लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि क्षेत्र में तनाव नहीं है तो बैठक में अधिक लोगों की आवश्यकता नहीं थी।

    दो मामले दर्ज, 22 नामजद समेत कई अज्ञात पर केस

    डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि पूरे मामले में प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामयश मंडल के बयान पर सजौर थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन मामलों में दोनों पक्षों से कुल 22 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 20 से 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए पांच लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही विवादित स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती जारी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

    देर रात की घटना को लेकर गांव में तनाव

    दासपुर पंचायत के मुखिया एवं राधानगर गांव निवासी संजय चौधरी ने बीते गुरुवार की रात राधानगर गांव में हुए विवाद को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि देर रात पुलिस ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मारपीट की और घरों में घुसकर कार्रवाई की।

    घर में घुसकर मारपीट का आरोप

    मुखिया संजय चौधरी के अनुसार पुलिस ने कई घरों में घुसकर लोगों के साथ मारपीट की। इस घटना में एक महिला और एक पुरुष के घायल होने की बात कही गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने 65 वर्षीय दिव्यांग हिनेश यादव के साथ भी मारपीट की। इसके अलावा शिल्पा देवी (पति इंद्रदेव साह) के घर में घुसकर पिटाई किए जाने का दावा किया गया है।

    Slug  bhagalpur mla rohit pandey visits radhanagar after bakrid dispute

    कई लोगों के साथ मारपीट और हिरासत का आरोप

    संजय चौधरी ने बताया कि अमित यादव को पिटाई के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं विलास यादव की पत्नी और बच्चों के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा सविता कुमारी, रेशमा कुमारी और विभाष बिंद के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

    दरवाजा तोड़ने और संपत्ति नुकसान का दावा

    ग्रामीणों के आरोप के अनुसार पुष्पा देवी और प्रिंस कुमार (पिता गोपाल शर्मा) के घर का दरवाजा पुलिस ने तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच की मांग की है। फिलहाल प्रशासन या पुलिस की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।