भागलपुर : दो मासूमों के कातिल को सौंपने की मांग पर उग्र हुआ जनसैलाब; नाथनगर थाने पर पथराव व हंगामा, 3 आरोपित जेल
नाथनगर थाने के सामने दो मासूम बच्चों के हत्यारे सुभाष मंडल को सौंपने की मांग पर लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम हटा; मुख ...और पढ़ें

नाथनगर थाने के सामने 1 घंटे तक लोगों ने फूंका टायर; हत्यारोपित सुभाष मंडल को फांसी देने और सामने लाने की मांग पर अड़े स्वजन
HighLights
दो मासूमों के हत्यारे को सौंपने की मांग पर प्रदर्शन।
नाथनगर थाने के सामने सड़क जाम, पुलिस से झड़प।
मुख्य आरोपी ने एक बच्चे की हत्या कबूली, तीन गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, नाथनगर (भागलपुर)। दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को स्वजनों के हवाले करने की मांग को लेकर मंगलवार को नाथनगर थाना परिसर के सामने स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मृत बच्चों के स्वजनों और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम लगा दिया और करीब एक घंटे तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोपी को फांसी देने की मांग की।
बताया जाता है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्वजन उसे खोजते हुए पहले जीरोमाइल थाना पहुंचे। वहां से जानकारी मिली कि आरोपी को कचहरी ले जाया गया है। कचहरी परिसर में आरोपी के स्वजनों को देखकर दोनों पक्षों में झड़प भी हुई। जब आरोपी वहां भी नहीं मिला, तो आक्रोशित लोग सीधे नाथनगर थाना पहुंच गए। हाजत में आरोपी को न पाकर उनका गुस्सा और भड़क गया और दोपहर 3:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक भारी हंगामा हुआ।
अंचल निरीक्षक के आश्वासन पर हटा जाम
बवाल की सूचना मिलते ही अंचल निरीक्षक (इंसपेक्टर) रंजीत रजक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी मांगों को लिखित रूप में देने को कहा। पुलिस द्वारा मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद लोग शांत हुए और सड़क जाम खत्म कराया गया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने 20 मई को गायब हुई पांच बच्चियों की घटना के लिए भी आरोपी सुभाष मंडल को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि बाद में बच्चियों के सुरक्षित बरामद होने पर घूमने जाने की बात सामने आई थी।
खबरें और भी
दिव्यांशु की हत्या स्वीकारी
भागलपुर एसएसपी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सुभाष मंडल ने 3 वर्षीय दिव्यांशु की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपी ने बताया कि उसने पांचू मंडल की पत्नी सुलेखा देवी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
आदित्य की हत्या से किया इनकार
हालांकि, उसने 3 वर्षीय दूसरे बच्चे आदित्य कुमार की हत्या करने से साफ इनकार किया और दावा किया कि यह किसी अन्य व्यक्ति का कृत्य हो सकता है। पुलिस आरोपी के इकबालिया बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सत्यापन कर रही है।
मामले में 4 नामजद, 3 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
इस मामले में कुल चार लोग नामजद हैं, जिनमें से तीन आरोपियों:
मुख्य आरोपी सुभाष मंडल
उसका पिता मुकेश उर्फ मुलो मंडल
सुलेखा देवी
को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। चौथे नामजद आरोपी मुन्नी देवी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
दिव्यांशु हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को सोमवार को अमडंडा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अभय शंकर, इंस्पेक्टर, नाथनगर थाना