Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देशभर में तपती गर्मी के बीच भागलपुर बना 'नेचुरल कूलिंग जोन', मौसम विभाग ने बताया राहत का कारण

    Updated: Fri, 22 May 2026 11:17 PM (GMT+05:30)

    देशव्यापी भीषण गर्मी के बीच भागलपुर में एक 'नेचुरल कूलिंग जोन' बन गया है, जिससे लोगों को लू से राहत मिल रही है। ...और पढ़ें

    भागलपुर में बना नेचुरल कूलिंग जोन। फोटो एआई जनरेटेड

    भागलपुर में बना नेचुरल कूलिंग जोन। फोटो एआई जनरेटेड

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। उत्तर भारत के कई हिस्से इस समय आग उगलती गर्मी और लू की चपेट में हैं। राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में तापमान 48 से 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है, वहीं भागलपुर का मौसम इन दिनों तपिश के बीच भी राहत का अहसास करा रहा है।

    यहां धूप की तल्खी तो है, पर आसमान में उमड़ते-घुमड़ते बादल, पुरवा हवा के झोंके और बीच-बीच में होने वाली हल्की बूंदाबांदी वातावरण को संतुलित बनाए हुए हैं। मौसम का यही बदलता मिजाज लोगों को भीषण लू से बचाव का प्राकृतिक कवच दे रहा है।

    भारत मौसम विज्ञान विभाग भागलपुर केंद्र के विज्ञानी अनुपम नाहर ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी युक्त पूर्वी हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत से आने वाली शुष्क एवं गर्म हवाओं के साथ इनका टकराव हो रहा है।

    इसी कारण बिहार, खासकर भागलपुर और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों के ऊपर वायुमंडलीय अस्थिरता बनी हुई है। परिणामस्वरूप गरज वाले बादल विकसित हो रहे हैं और स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा तथा तेज हवा की स्थितियां बन रही हैं।

    भागलपुर में बना नेचुरल कूलिंग जोन

    उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर बना उपरितन वायु चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। वहीं दक्षिण तटीय ओडिशा के ऊपर बना परिसंचरण अब आंतरिक ओडिशा तक विस्तृत हो गया है।

    खबरें और भी

    इन दोनों प्रणालियों को जोड़ती हुई द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए आंतरिक ओडिशा तक फैली हुई है। पुरानी द्रोणिका अब इसी प्रणाली में विलीन हो चुकी है।

    यही संयुक्त मौसमी तंत्र भागलपुर समेत बिहार के बड़े हिस्से में राहत का आधार बना हुआ है। विंड कन्वर्जेंस की स्थिति बनने से गर्म और नम हवाओं का संगम हो रहा है, जिससे संवहनीय गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। यही कारण है कि यहां एक प्रकार का नेचुरल कूलिंग जोन विकसित हो गया है।

    हल्की बारिश के आसार

    भागलपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 87 प्रतिशत रही, औसत पवन वेग छह किलोमीटर प्रति घंटा तथा हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी रही। जिले में सुबह तक 0.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि दिन में वर्षा नहीं हुई।

    मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दिन में गर्मी और उमस बने रहने, जबकि रात के समय जिले के उत्तर-पूर्वी इलाकों में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना (Bhagalpur Weather Forecast 2026) जताई है। फिलहाल भागलपुर में मौसम का यही उतार-चढ़ाव बना रहेगा और लोगों को भीषण लू जैसी परिस्थितियों से राहत मिलती रहेगी।

    यह भी पढ़ें- मौसम विभाग की डरावनी भविष्यवाणी: बिहार में इस साल कम होगी बारिश, 'सुपर एल-नीनो' के कारण सूखे का खतरा