Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Health Tips: 4 बार करें भोजन; मोटापा होगा कम, प्रोटीन से हड्डी में आएगी मजबूती

    Updated: Mon, 09 Jun 2025 01:02 PM (GMT+05:30)

    वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय निराला ने हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में मोटापा कम करने और हड्डियों को मजबूत रखने के टिप्स दिए। उन्होंने दिन में चार बार भोजन करने ...और पढ़ें

    चार बार करें भोजन मोटापा होगा कम, प्रोटीन से हड्डी में आएगी मजबूती
    चार बार करें भोजन मोटापा होगा कम, प्रोटीन से हड्डी में आएगी मजबूती

    HighLights

    1. मोटापा कम करने के लिए दिन में चार बार भोजन
    2. जोड़ों के दर्द से राहत के लिए व्यायाम जरूरी
    3. पीठ दर्द से बचने के लिए सही पोस्चर अपनाएं

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। दिन में चार बार सीमित मात्रा में भोजन करने से मोटापा धीरे-धीरे कम हो जाएगा। शरीर में प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा होने से कैल्शियम समेत दूसरे विटामिन बेहतर कार्य करते हैं।

    शरीर को विटामिन डी केवल धूप से मिलता है। हड्डी में अगर दर्द होना आरंभ हो जाए तो यह खतरे की घंटी है। तत्काल अपने चिकित्सक से संपर्क करें। ये बातें वरीय चिकित्सक डा. संजय निराला ने कहीं।

    वे रविवार को दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में आए हुए थे। पाठकों ने उनसे स्वास्थ्य संबंधी कई तरह के सवाल किए, जिसका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। पेश है बातचीत के मुख्य अंश

    सवाल : वजन ज्यादा है। चलने पर सांस फूलता है। बीपी, मधुमेह, थायराइड है।- पीएन मिश्रा, शाहकुंड

    जवाब : सबसे पहले वजन कम करें। 80 प्रतिशत पेट फल व स्लाद से भरें। फिर रोटी चावल खाएं। सांस क्यों फूलता है इसकी सही जानकारी के लिए इको व ईसीजी जांच कराएं। कुछ देर सांस रोककर रखने का अभ्यास करने से भी फायदा होगा। आरंभ में सुबह-शाम कम से कम 15 मिनट टहलें। शेष परेशानी के लिए किसी फिजिशियन से उपचार कराएं।

    सवाल : घुटना में दर्द है। चलता हूं तो कभी-कभी मुंह के बल गिर जाता हूं।- रामाधार सिंह, कहलगांव

    जवाब : सीढ़ी कम चढ़ें। पालथी मारकर नहीं बैठें। शौच के लिए कमोड का उपयोग करें। ऊंचे जगह पर बैठ कर कम वजह का वेट लेकर पैर को ऊपर नीचे करें। इससे जोड़ में ताकत मिलेगा और आराम होगा।

    सवाल : सोकर उठता हूं तो पीठ में दर्द होने लगता है। पीठ के बीच में दर्द ज्यादा रहता है।- राजा कुमार, नारायणपुर

    जवाब : गैस की वजह से परेशानी हो सकती है। दिन में चार बार भोजन करें। हल्का व्यायाम करें।

    सवाल : एक घुटने में दर्द रहता है। उस पैर उठ-बैठ भी नहीं पा रहा हूं। कुछ माह पहले गिरा था, तब से परेशानी हो रही है।- कमल कुमार यादव, जिछो

    जवाब : एक से दो माह कसरत करें। झुक कर कोई काम नहीं करें। ऐसा करने से और परेशानी हो सकती है। वजन नहीं उठाएं। धीरे-धीरे कसरत करने से दर्द से आराम हो जाएगा।

    सवाल : छत से गिरा था, तब से कमर में दर्द और शरीर में झनझनाहट हो रही है। बाइक चलाने में दिक्कत होती है।- रितेश कुमार, गोराडीह

    जवाब : जिस काम को करने में परेशानी होती है वह काम अभी नहीं करें। बेल्ट का उपयोग करें। उसी के सहारे उठे-बैठें। बेल्ट कम से कम तीन सप्ताह लगाएं। इससे धीरे-धीरे शरीर की झनझनाहट खत्म हो जाएगी।

    सवाल : कमर में दर्द रहता है। कुछ समय बाद खुद से ठीक भी हो जाता है।- सोनू कुमार, मनियारपुर

    जवाब : यह पोस्चर से जुड़ी समस्या है। ऐसे में पोस्चर पर ध्यान दें। कसरत करें, पौष्टिक भोजन करें। यह कोई रोग नहीं है। कम से कम आधा घंटा टहलें, इससे परेशानी दूर हो जाएगी।

    सवाल : रीढ़ में ऐंठन रहता है। झुककर काम करने में परेशानी होती है।- रोनित कश्यप कुमैठा

    जवाब : पोश्चर से जुड़ी समस्या है। झुककर काम करने से बचें। विटामिन और कैल्सियम का सेवन करें।

    सवाल : चलने पर एड़ी में दर्द होने लगता है। धीरे-धीरे दर्द बढ़ता चला जाता है।-विपिन कुमार झा कुमैठा, सुल्तानगंज

    जवाब : खाली पैर नहीं चलें। मुलायम चप्पल का उपयोग करें। कैल्सियम की गोली का सेवन करें।

    सवाल : चार माह पहले हाथ में चोट लगी थी। अभी भी दर्द है। बीपी और हार्ट की गोली अभी नहीं खा रहा हूं।- कमला देवी, ज्योति बिहार

    जवाब : चोट लगने से यह परेशानी है। हाथ का उपयोग ज्यादा नहीं करें। आराम करें। मालिस नहीं करें। एक्स-रे करा लें ताकि बीमारी का पता चल सके। बीपी व हार्ट की दवा का सेवन रोजाना करें।

    सवाल : हमेशा कमर दर्द रहता है। उठने में दिक्कत होती है।- महादेव सिंह, हबीबपुर

    जवाब - उम्र ज्यादा है तो हल्का कसरत करें। इससे दर्द से राहत मिलेगा। कैल्सियम की गोली का सेवन करें।