यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhagalpur News: महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू, जल्द जारी होगी किराए की सूची और टाइमिंग
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम भागलपुर में महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू करने जा रहा है। अस्थाई परमिट के साथ शुरू होने वाली ये बसें सीएनजी से चलेंगी और ...और पढ़ें

HighLights
- महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू
- सीएनजी से संचालित होंगी बसें
- डीलक्स बसों का किराया निर्धारण
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा पहली बार शहर में पिंक बस की सेवा शुरू की जा रही है। इस बस से सिर्फ महिलाएं सफर करेंगी। इसी सप्ताह से 3 महीने के अस्थाई परमिट के साथ पिंक बस की शुरुआत कर दी जाएगी।
इसको लेकर भागलपुर परिवहन प्रमंडल द्वारा जिलाधिकारी के अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। जल्द ही इसके अस्थाई रूट, किराए की सूची और बस की टाइमिंग भी जारी की जाएगी।
भागलपुर परिवहन प्रमंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक अजिताभ आनंद ने बताया कि इससे पहले शहर में सिटी बस का परिचालन नहीं किया गया है। इसलिए रूट का निर्धारण करने में कठिनाई हो रही है। इसलिए अभी इसे अस्थाई परमिट के साथ तीन महीने तक शहर के विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा।
साथ ही साथ यात्रियों का फीडबैक भी लिया जाएगा, ताकि रूट को चिह्नित किया जा सके। उन्होंने बताया कि रूट को चिह्नित करने के लिए आरटीए को आवेदन भेजा गया है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद आवेदन एसटीए (राज्य परिवहन प्राधिकरण) को भेजा जाएगा। जब वहां से रूट चिन्हित कर लिया जाएगा तो भागलपुर परिवहन प्रमंडल द्वारा पिंक बस के परिचालन के लिए स्थाई परमिट ले लिया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि फिलहाल अभी दो पिंक बस में शहर में चलाने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा दिया गया है। आने वाले समय में इसकी संख्या 10 होगी। उन्होंने बताया कि सभी पिंक बस सीएनजी से संचालित होगी। यह 21 सीटर हैं।
खबरें और भी
डीलक्स बसों के किराए को लेकर किया गया टेस्ट
भागलपुर परिवहन प्रमंडल को 24 डीलक्स बसें मिली है। जिसमें 12 डीलक्स बसें भागलपुर डिपो को दी गई है। यह बसें तिलकामांझी स्थित सरकारी बस डिपो पहुंच गई है। बसों का रूट निर्धारण कर लिया गया है। साथ ही साथ इसके टाइम टेबल भी जारी किया गया है।
पथ परिवहन निगम से मिली जानकारी के मुताबिक, बसों का किराया निर्धारित करने के लिए सोमवार को बस का टेस्ट कराया गया। लंबी दूरी जैसे जोगबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सुपौल सहित जो रूट तय किए गए हैं उन पर गाड़ी को भेज कर कितने डीजल की खपत होती है इसका आकलन किया गया है। जल्द ही यात्रियों के लिए किराए का दर जारी होगा।